चक्की में दो बाल श्रमिक मुक्त, दोषी नियोजकों पर एफआईआर की तैयारी
साहिला के निर्देश पर मंगलवार को श्रम संसाधन एवं प्रवासी मजदूर कल्याण विभाग द्वारा गठित बाल श्रमिक धावा दल ने चक्की प्रखंड क्षेत्र में छापेमारी कर दो बाल श्रमिकों को मुक्त कराया। टीम ने भवन निर्माण कार्य स्थल पर निरीक्षण के दौरान दोनों बच्चों को ईंट ढोने का काम करते हुए पाया। तत्पश्चात तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों को कार्यस्थल से विमुक्त कराया गया।
केटी न्यूज/बक्सर
साहिला के निर्देश पर मंगलवार को श्रम संसाधन एवं प्रवासी मजदूर कल्याण विभाग द्वारा गठित बाल श्रमिक धावा दल ने चक्की प्रखंड क्षेत्र में छापेमारी कर दो बाल श्रमिकों को मुक्त कराया। टीम ने भवन निर्माण कार्य स्थल पर निरीक्षण के दौरान दोनों बच्चों को ईंट ढोने का काम करते हुए पाया। तत्पश्चात तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों को कार्यस्थल से विमुक्त कराया गया।मुक्त कराए गए बाल श्रमिकों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद जिला बाल कल्याण समिति बक्सर को सुपुर्द कर दिया गया है, जहां उनके संरक्षण, परामर्श और पुनर्वास की आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

प्रशासन की ओर से बताया गया है कि दोषी नियोजकों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बाल श्रम को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुक्त कराए गए दोनों बाल श्रमिकों को सरकार की ओर से त्वरित सहायता राशि के रूप में प्रति बालक 3000 रुपये प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रत्येक श्रमिक के खाते में 25 हजार रुपये जमा कराकर एफडी के रूप में सुरक्षित रखा जाएगा, ताकि उनके भविष्य को संबल मिल सके।

प्रशासन द्वारा आमजन को बाल श्रम उन्मूलन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 17 फरवरी को जिले के आधिकारिक फेसबुक पेज के माध्यम से श्रम अधीक्षक, बक्सर द्वारा विस्तृत जानकारी साझा की गई। साथ ही अन्य संचार माध्यमों से भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि कहीं भी बाल श्रम की सूचना मिलने पर तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

