ग्रामीण बेटियों की उड़ान: सिमरन कुमारी ने रचा इतिहास, सम्मान समारोह में उमड़ा गर्व
स्थानीय बालिका उच्च विद्यालय में गुरुवार को उस समय उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला, जब मैट्रिक परीक्षा में राज्य स्तर पर टॉप-10 में स्थान हासिल करने वाली छात्रा सिमरन कुमारी के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और छात्र-छात्राओं ने एकजुट होकर सिमरन की उपलब्धि को सराहा और उसे सम्मानित किया।
__ मैट्रिक में राज्य स्तर पर टॉप-10 में स्थान पाकर बढ़ाया मान, छात्राओं को मिला प्रेरणा का संदेश
केटी न्यूज/चौसा
स्थानीय बालिका उच्च विद्यालय में गुरुवार को उस समय उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला, जब मैट्रिक परीक्षा में राज्य स्तर पर टॉप-10 में स्थान हासिल करने वाली छात्रा सिमरन कुमारी के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और छात्र-छात्राओं ने एकजुट होकर सिमरन की उपलब्धि को सराहा और उसे सम्मानित किया।समारोह के दौरान सिमरन कुमारी को विद्यालय परिवार एवं उपस्थित अतिथियों द्वारा मोमेंटो और वस्त्र देकर सम्मानित किया गया। उसकी इस सफलता से न सिर्फ विद्यालय, बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।

सिमरन ने राज्य स्तर पर नौवां स्थान प्राप्त कर यह साबित किया है कि ग्रामीण परिवेश की बेटियां भी कठिन परिश्रम और संकल्प के बल पर बड़े लक्ष्य हासिल कर सकती हैं।कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाध्यापक मिथिलेश कुमार ने की। मुख्य अतिथि प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज पासवान ने अपने संबोधन में कहा कि सिमरन की सफलता यह दर्शाती है कि लक्ष्य के प्रति समर्पण और निरंतर मेहनत से किसी भी मुकाम को पाया जा सकता है। उन्होंने अन्य छात्र-छात्राओं से भी सिमरन से प्रेरणा लेने और अपने लक्ष्य को निर्धारित कर उसी दिशा में लगातार प्रयास करने की अपील की।

पूर्व जिला परिषद सदस्य डॉ. मनोज यादव, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी हृषिकेश कुमार सिंह और नगर अध्यक्ष किरण देवी ने भी सिमरन की उपलब्धि की सराहना करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आर्थिक स्थिति बाधा नहीं बनती, बल्कि दृढ़ निश्चय और मेहनत ही सफलता का मार्ग प्रशस्त करते हैं।कार्यक्रम में अधिवक्ता रामलखन पाल सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। अंत में सभी ने सिमरन कुमारी की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उसे क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

