कुशलपुर के बच्चों ने देखा स्मार्ट शिक्षा मॉडल, नए सपनों के साथ लौटे छात्र
समग्र विकास योजना के तहत उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, कुशलपुर के छात्र-छात्राओं को मंगलवार को पुराना भोजपुर स्थित संत जेवियर्स स्कूल का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा व्यवस्था, तकनीकी संसाधनों और बेहतर शिक्षण माहौल से अवगत कराना था, ताकि वे भी नई शिक्षा प्रणाली को करीब से समझ सकें।
केटी न्यूज/डुमरांव
समग्र विकास योजना के तहत उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, कुशलपुर के छात्र-छात्राओं को मंगलवार को पुराना भोजपुर स्थित संत जेवियर्स स्कूल का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा व्यवस्था, तकनीकी संसाधनों और बेहतर शिक्षण माहौल से अवगत कराना था, ताकि वे भी नई शिक्षा प्रणाली को करीब से समझ सकें।भ्रमण के दौरान बच्चों ने विद्यालय की अत्याधुनिक लाइब्रेरी, कंप्यूटर लैब, स्मार्ट क्लासरूम और अन्य शैक्षणिक कक्षों का निरीक्षण किया। विद्यार्थियों ने डिजिटल बोर्ड, प्रोजेक्टर और कंप्यूटर आधारित शिक्षण पद्धति को देखकर उत्साह जताया।

कई छात्रों ने पहली बार स्मार्ट क्लास का अनुभव किया, जिससे उनके भीतर नई जिज्ञासा और सीखने की ललक दिखाई दी।विद्यालय प्रबंधन की ओर से कुशलपुर विद्यालय के प्रधानाध्यापक सह सहायक शिक्षक सुनील कुमार सिंह का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। संत जेवियर्स स्कूल के सचिव फादर विजय भास्कर एवं सिस्टर वंदना सीजे ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान दोनों विद्यालयों के शिक्षकों ने शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने, विद्यार्थियों में अनुशासन, तकनीकी ज्ञान और बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा की।कार्यक्रम में सिस्टर बस्तीना, वरीय शिक्षक संजय कुमार सिंह, अजय कुमार सिंह, रामबाबू नीतीश, आराध्या सिंह, अंजू कुमारी और प्रिय पूनम सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।

सभी ने इस भ्रमण को छात्रों के उज्जवल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।छात्र-छात्राओं ने कहा कि इस भ्रमण से उन्हें यह समझने का मौका मिला कि आधुनिक संसाधनों का उपयोग पढ़ाई को कितना आसान और रोचक बना सकता है। उन्होंने अपने विद्यालय में भी ऐसी सुविधाएं विकसित करने की इच्छा जताई। यह शैक्षणिक यात्रा बच्चों के लिए केवल भ्रमण नहीं, बल्कि नए सपनों और संभावनाओं से जुड़ने का अवसर साबित हुई।

