गोकुल जलाशय बना काल: नहाने गए युवक की डूबकर मौत, शादी से पहले बुझ गया घर का चिराग
ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के गायघाट पंचायत स्थित गोकुल जलाशय के नन्दपुर-सेमरा घाट पर मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। स्नान करने गए एक युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सेमरा गांव निवासी 21 वर्षीय अमन कुमार यादव के रूप में हुई है।

__ 21 वर्षीय अमन यादव की मौत से सेमरा गांव में मातम, ग्रामीणों ने जलाशय पर सुरक्षा इंतजाम और चेतावनी बोर्ड लगाने की उठाई मांग
केटी न्यूज/ब्रह्मपुर
ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के गायघाट पंचायत स्थित गोकुल जलाशय के नन्दपुर-सेमरा घाट पर मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। स्नान करने गए एक युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सेमरा गांव निवासी 21 वर्षीय अमन कुमार यादव के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।जानकारी के अनुसार अमन कुमार यादव मंगलवार की सुबह अपने दोस्तों के साथ गोकुल जलाशय स्थित घाट पर स्नान करने पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी की ओर चले गए। कुछ ही क्षणों में उनका संतुलन बिगड़ गया और वह पानी में डूबने लगे।

साथियों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों को बुलाया गया।ग्रामीणों और गोताखोरों ने काफी देर तक जलाशय में तलाश अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद अमन को पानी से बाहर निकाला गया। तत्काल उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रघुनाथपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही ब्रह्मपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बक्सर भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

परिजनों ने बताया कि अमन परिवार के दो भाइयों में सबसे बड़े थे और घर की जिम्मेदारियों में सक्रिय भूमिका निभाते थे। अगले वर्ष उनकी शादी भी तय होने वाली थी। परिवार शादी की तैयारियों और भविष्य की योजनाओं में जुटा था, लेकिन इस हादसे ने सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। बेटे की मौत से माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।इधर, अंचलाधिकारी खुश्बू खातून ने बताया कि पीड़ित परिवार को आपदा प्रबंधन विभाग के प्रावधानों के तहत हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं, घटना के बाद स्थानीय लोगों ने गोकुल जलाशय के खतरनाक और गहरे हिस्सों में चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग तथा सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग प्रशासन से की है, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को ऐसी त्रासदी का सामना न करना पड़े।

