निर्माणाधीन मुर्गी फार्म से लाखों का माल साफ, 25 टीन शेड समेत पाइप-तार ले उड़े चोर
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अरियांव गांव में निर्माणाधीन मुर्गी फार्म चोरों के निशाने पर आ गया। शुक्रवार और शनिवार की मध्यरात्रि अज्ञात चोरों ने फार्म सेंटर में धावा बोलकर भारी मात्रा में निर्माण सामग्री पर हाथ साफ कर दिया।

__ फार्म शुरू होने से पहले ही कर दिया बड़ा हाथ साफ, फोरेंसिक टीम के साथ जांच में जुटी पुलिस
केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म।
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अरियांव गांव में निर्माणाधीन मुर्गी फार्म चोरों के निशाने पर आ गया। शुक्रवार और शनिवार की मध्यरात्रि अज्ञात चोरों ने फार्म सेंटर में धावा बोलकर भारी मात्रा में निर्माण सामग्री पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए सामान में 25 टीन शेड, 10 बोरा सीमेंट, करीब 200 किलो लोहे का पाइप, 400 मीटर तार और लोहे की बड़ी सीढ़ी समेत अन्य सामग्री शामिल है। चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।घटना का पता शनिवार की सुबह करीब सात बजे उस समय चला, जब फार्म के संचालक अरियांव निवासी रामबहादुर सिंह निर्माण स्थल पर पहुंचे। वहां सामान बिखरा पड़ा था और कई जरूरी सामग्री गायब थी।

निर्माण कार्य अंतिम चरण में होने के कारण फार्म में बड़ी मात्रा में सामग्री रखी गई थी, जिसका फायदा चोरों ने उठाया।पीड़ित के अनुसार, गांव से बाहर उनकी रैयती जमीन पर मुर्गी फार्म शेड सेंटर का निर्माण कराया जा रहा था। जल्द ही निर्माण कार्य पूरा कर फार्म को चालू किया जाना था। इसी बीच चोरों ने रात के अंधेरे में मौके पर पहुंचकर एक-एक कर भारी मात्रा में सामान पार कर दिया। जिस तरीके से टीन शेड, लोहे के पाइप और तार समेत अन्य सामग्री ले जाई गई, उससे पुलिस को इसमें एक से अधिक लोगों के शामिल होने की आशंका है।घटना की सूचना मिलते ही कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष चंदन कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के इलाके में भी जानकारी जुटाई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस चोरी के तरीके, घटनास्थल से मिले संभावित साक्ष्यों और आसपास की गतिविधियों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।पीड़ित ने थाने में आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सामान बरामद करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही मामले का खुलासा करने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।

