एक छत के नीचे मिली सरकारी सेवाएं, सहयोग शिविर में लंबित मामलों का हुआ त्वरित निष्पादन
चौसा प्रखंड की चुन्नी और पवनी पंचायत में मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर ग्रामीणों के लिए प्रभावी जनसेवा मंच साबित हुआ। लंबे समय से विभिन्न सरकारी कार्यालयों में लंबित पड़े मामलों का शिविर में त्वरित निष्पादन किया गया। विशेष रूप से मृत्यु प्रमाण पत्र, राशन कार्ड और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े कई मामलों का मौके पर समाधान होने से लाभुकों को बड़ी राहत मिली।


__ चुन्नी और पवनी पंचायत में 251 आवेदन पहुंचे, मृत्यु प्रमाण पत्र, राशन कार्ड और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े मामलों के समाधान से ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत
केटी न्यूज/चौसा
चौसा प्रखंड की चुन्नी और पवनी पंचायत में मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर ग्रामीणों के लिए प्रभावी जनसेवा मंच साबित हुआ। लंबे समय से विभिन्न सरकारी कार्यालयों में लंबित पड़े मामलों का शिविर में त्वरित निष्पादन किया गया। विशेष रूप से मृत्यु प्रमाण पत्र, राशन कार्ड और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े कई मामलों का मौके पर समाधान होने से लाभुकों को बड़ी राहत मिली। एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी से लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ी।प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि कई आवेदन वंशावली सत्यापन, आवश्यक दस्तावेजों की कमी तथा पंचायत सचिवों और संबंधित कर्मियों की हड़ताल के कारण कई महीनों से लंबित थे।

सहयोग शिविर में दस्तावेजों की जांच और आवश्यक औपचारिकताएं तत्काल पूरी कर इन मामलों का निस्तारण किया गया।शिविर में पहुंची सोनी कुमारी ने बताया कि उनकी मां कवली देवी का फरवरी में निधन हो गया था। मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए वह लगातार कार्यालयों के चक्कर लगा रही थीं, लेकिन सफलता नहीं मिल रही थी। शिविर में उनका आवेदन तत्काल निष्पादित कर प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया। इसी प्रकार वंदना कुमारी के भाई शंकर तथा पवनी पंचायत की कुंती देवी के पति जवाहिर राम से संबंधित लंबित मामलों का भी मौके पर समाधान किया गया।ग्रामीणों ने सहयोग शिविर की सराहना करते हुए कहा कि इस पहल से सरकारी सेवाएं गांव स्तर पर उपलब्ध हो रही हैं, जिससे समय और आर्थिक दोनों तरह की बचत हो रही है। लोगों का कहना था कि इस तरह के शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाने चाहिए ताकि आम नागरिकों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए प्रखंड और जिला मुख्यालय का चक्कर न लगाना पड़े।

हालांकि, पूर्व में आयोजित शिविरों की तुलना में इस बार लाभुकों की संख्या अपेक्षाकृत कम रही।प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज पासवान ने बताया कि चुन्नी पंचायत में विभिन्न विभागों से संबंधित 161 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 139 का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया। वहीं पवनी पंचायत में 90 आवेदन आए, जिनमें 17 मामलों का तत्काल समाधान हुआ। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, राजस्व, मनरेगा, जीविका, आईसीडीएस, स्वास्थ्य, पीएचईडी, विद्युत सहित विभिन्न विभागों की सेवाएं सहयोग शिविर के माध्यम से लोगों तक पहुंचाई जा रही हैं। शेष मामलों का भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत शीघ्र निष्पादन किया जाएगा।

