मौत को मात देकर बचा हेल्पर, चलती ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी पड़ी भारी

डुमरांव रेलवे स्टेशन पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहा एक युवक अचानक फिसलकर प्लेटफॉर्म पर गिर पड़ा। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद यात्रियों की सांसें थम गईं। गनीमत रही कि युवक ट्रेन की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया, नहीं तो एक बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।

मौत को मात देकर बचा हेल्पर, चलती ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी पड़ी भारी

--डुमरांव स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, प्लेटफॉर्म पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हुआ युवक

केटी न्यूज/डुमरांव

डुमरांव रेलवे स्टेशन पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहा एक युवक अचानक फिसलकर प्लेटफॉर्म पर गिर पड़ा। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद यात्रियों की सांसें थम गईं। गनीमत रही कि युवक ट्रेन की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया, नहीं तो एक बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।घायल युवक की पहचान पश्चिम चम्पारण जिले के पूर्वी गनौली गांव निवासी गुड्डू पटेल के रूप में हुई है। वह डुमरांव स्थित मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में हेल्पर के पद पर कार्यरत बताया जाता है। जानकारी के अनुसार गुड्डू पटेल नई दिल्ली-पटना स्पेशल ट्रेन से अपने घर जाने के लिए स्टेशन पहुंचे थे। इसी दौरान ट्रेन खुलने लगी।

ट्रेन छूटता देख वह तेजी से दौड़ते हुए बोगी में चढ़ने का प्रयास करने लगा। लेकिन जल्दबाजी और असावधानी उस पर भारी पड़ गई।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेन पकड़ने के दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म पर जोरदार तरीके से गिर पड़ा। गिरते ही स्टेशन परिसर में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद यात्रियों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। कई लोग कुछ पल के लिए सहम गए, क्योंकि हादसा बेहद खतरनाक था।घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी राजीव रंजन सिंह मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए।

वहीं रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी जवानों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को तत्काल प्लेटफॉर्म से उठाकर डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। डॉक्टरों के अनुसार युवक को गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि उसकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि चलती ट्रेन पर चढ़ने या उतरने का प्रयास जानलेवा साबित हो सकता है। अधिकारियों ने कहा कि कुछ मिनट की जल्दबाजी जिंदगीभर का दर्द दे सकती है, इसलिए यात्री सुरक्षा नियमों का पालन करें।