20 जून को बक्सर में रोजगार शिविर, विभिन्न पदों पर होगी सीधी भर्ती
जिला नियोजनालय, बक्सर के तत्वावधान में आगामी 20 जून को रोजगार शिविर का आयोजन किया जाएगा। प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी द्वारा जारी सूचना के अनुसार यह शिविर संयुक्त श्रम भवन स्थित आईटीआई फील्ड परिसर में पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक संचालित होगा।

__ राजकोट की निजी कंपनी करेगी चयन, दसवीं से बीटेक तक के अभ्यर्थियों को मिलेगा अवसर
केटी न्यूज/बक्सर
जिला नियोजनालय, बक्सर के तत्वावधान में आगामी 20 जून को रोजगार शिविर का आयोजन किया जाएगा। प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी द्वारा जारी सूचना के अनुसार यह शिविर संयुक्त श्रम भवन स्थित आईटीआई फील्ड परिसर में पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक संचालित होगा। शिविर में गुजरात के राजकोट स्थित निजी कंपनी सिन्नोवा गियर ट्रांसमिशन प्राइवेट लिमिटेड (के.के. एंटरप्राइजेज) विभिन्न पदों के लिए योग्य अभ्यर्थियों का मौके पर ही चयन करेगी।रोजगार शिविर में एक वर्ष के अनुभव वाले मशीन परिचालक (ऑपरेटर) के 20 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए दसवीं, बारहवीं अथवा उससे कम शैक्षणिक योग्यता रखने वाले 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 14,670 रुपये हाथ में वेतन मिलेगा।

इसके अलावा सीएनसी, गुणवत्ता नियंत्रण एवं अनुरक्षण (मेंटेनेंस) से संबंधित 30 पदों पर औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) अथवा स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की भर्ती होगी। इन पदों के लिए 16,170 रुपये मासिक वेतन निर्धारित किया गया है।डिप्लोमा धारकों के लिए सीएनसी ऑपरेटर, अनुरक्षण तथा पर्यवेक्षक (सुपरवाइजर) के 10 पद उपलब्ध हैं, जिन पर चयनित अभ्यर्थियों को 18,022 रुपये मासिक वेतन दिया जाएगा। वहीं सभी शाखाओं के बीटेक उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए सीएनसी, गुणवत्ता नियंत्रण एवं अनुरक्षण के 40 पदों पर भर्ती की जाएगी, जिनका मासिक वेतन 19,700 रुपये होगा।दसवीं, बारहवीं अथवा उससे कम शैक्षणिक योग्यता वाले नए अभ्यर्थियों (फ्रेशर) के लिए भी 40 पद उपलब्ध हैं, जिन पर चयनित उम्मीदवारों को 13,670 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा। सभी पदों का कार्यस्थल राजकोट, गुजरात निर्धारित है।

जिला नियोजन पदाधिकारी ने बताया कि रोजगार शिविर में भाग लेने के लिए नियोजनालय में पंजीकरण अनिवार्य है। जिन अभ्यर्थियों का पंजीकरण नहीं हुआ है, वे राष्ट्रीय करियर सेवा (एनसीएस) पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी अपने बायोडाटा और आधार कार्ड के साथ शिविर में उपस्थित हो सकते हैं। शिविर में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। नियुक्ति संबंधी सभी शर्तों और प्रक्रियाओं के लिए नियोजक कंपनी स्वयं जिम्मेदार होगी, जबकि नियोजनालय की भूमिका केवल सुविधा प्रदाता की रहेगी।प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी ने जिले के बेरोजगार युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में रोजगार शिविर में भाग लेकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

