जमीन के विवाद ने लिया हिंसक रूप, दोनों पक्षों की
स्थानीय थाना क्षेत्र के लेवाड़ गांव में लंबे समय से चले आ रहे भूमि विवाद ने बुधवार को हिंसक रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडे व पत्थर चलने से कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल में कराया गया।

__ एफआईआर में 18 नामजद, दो आरोपी गिरफ्तार
केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म।
स्थानीय थाना क्षेत्र के लेवाड़ गांव में लंबे समय से चले आ रहे भूमि विवाद ने बुधवार को हिंसक रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडे व पत्थर चलने से कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल में कराया गया। घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से थाने में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई गई है, जिनमें कुल 18 लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।पहले पक्ष के घायल बीरेंद्र यादव ने दर्ज कराई गई प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि पुराने भूमि विवाद को लेकर उनके घर की खिड़की, दरवाजा और रास्ता बंद करने की नीयत से पहले से साजिश रची गई।

आरोप है कि विरोध करने पर लाठी-डंडे और पत्थरों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया गया। उनके बयान पर कुश यादव, शत्रुध्न यादव, राहुल यादव समेत कुल 11 लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है।वहीं दूसरे पक्ष की एक घायल महिला ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि वह अपनी गोतनी के साथ घर में खाना बना रही थीं। इसी दौरान घर के बाहर बैठे उनके मानसिक रूप से विक्षिप्त भतीजे के साथ कुछ लोग छेड़छाड़ और मारपीट करने लगे। शोर सुनकर बाहर आने पर उन्होंने विरोध किया तो उनके साथ भी मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गईं।

महिला के बयान पर दिनेश यादव, घुरहू यादव, रवि रंजन यादव समेत सात लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है।कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना में शामिल दो आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस मामले की गहन जांच कर अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

