पुरानी रंजिश में युवक पर हमला, बचाव करने पहुंची मां से मारपीट व अभद्रता का आरोप

स्थानीय थाना क्षेत्र के नोनियापुरा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। युवक के साथ मारपीट का विरोध करने पहुंची उसकी मां ने गांव के सात लोगों पर मारपीट करने और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। मामले में पीड़िता के आवेदन पर कृष्णाब्रह्म थाना में सात नामजद आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पुरानी रंजिश में युवक पर हमला, बचाव करने पहुंची मां से मारपीट व अभद्रता का आरोप

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म 

स्थानीय थाना क्षेत्र के नोनियापुरा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। युवक के साथ मारपीट का विरोध करने पहुंची उसकी मां ने गांव के सात लोगों पर मारपीट करने और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। मामले में पीड़िता के आवेदन पर कृष्णाब्रह्म थाना में सात नामजद आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार 30 जून को महिला का पुत्र अपनी मौसी के घर गया था। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर वहां मौजूद कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। शोर-शराबा और पुत्र की चीख-पुकार सुनकर उसकी मां मौके पर पहुंची तथा बीच-बचाव का प्रयास किया।आरोप है कि इस दौरान हमलावरों ने महिला के साथ भी मारपीट की और अभद्रता करते हुए छेड़खानी की।

घटना में महिला को चोटें आईं, जिसके बाद उसने थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।पीड़िता के आवेदन के आधार पर पुलिस ने सोनू कुमार, राकेश प्रसाद, हरि प्रसाद सहित कुल सात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा आरोपों की सत्यता के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच के दौरान सभी पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं। साक्ष्यों और जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी रही, हालांकि फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।