चौसा और बक्सर निकायों में सियासी सरगर्मी तेज, 29 मई को चुनी जाएगी सशक्त स्थायी समिति

चौसा नगर पंचायत और बक्सर नगर परिषद में सशक्त स्थायी समिति के गठन को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। दोनों निकायों में समिति के नए सदस्यों के चुनाव के लिए 29 मई को विशेष बैठक बुलाई गई है। इसको लेकर जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है तथा संबंधित अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है।

चौसा और बक्सर निकायों में सियासी सरगर्मी तेज, 29 मई को चुनी जाएगी सशक्त स्थायी समिति

केटी न्यूज/बक्सर :

चौसा नगर पंचायत और बक्सर नगर परिषद में सशक्त स्थायी समिति के गठन को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। दोनों निकायों में समिति के नए सदस्यों के चुनाव के लिए 29 मई को विशेष बैठक बुलाई गई है। इसको लेकर जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है तथा संबंधित अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, चौसा नगर पंचायत की बैठक नगर पंचायत कार्यालय में तथा बक्सर नगर परिषद की बैठक परिषद सभाकक्ष में शुक्रवार को पूर्वाह्न 8 बजे आयोजित होगी। बिहार नगरपालिका अधिनियम 2007 के प्रावधानों के तहत होने वाले इस चुनाव में निर्वाचित वार्ड पार्षद गुप्त मतदान के जरिए समिति के सदस्यों का चयन करेंगे।

चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने अलग-अलग अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। चौसा नगर पंचायत के लिए डीसीएलआर शशिभूषण को निर्वाचन पदाधिकारी बनाया गया है। वहीं बीडीओ मनोज पासवान और प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी शिखा राय सहायक निर्वाची पदाधिकारी की भूमिका निभाएंगे। जिला आपूर्ति पदाधिकारी राजकुमार प्रसाद को प्रेक्षक नियुक्त किया गया है। दूसरी ओर बक्सर नगर परिषद के लिए जिला भू-अर्जन पदाधिकारी विनीत कुमार को निर्वाचन पदाधिकारी तथा इटाढ़ी बीडीओ किरण कुमारी को सहायक निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है।

निर्वाचन कार्यक्रम के तहत सबसे पहले प्रत्याशियों से नामांकन पत्र लिए जाएंगे। इसके बाद हिंदी वर्णानुक्रम के आधार पर मतपत्र तैयार किए जाएंगे और वार्ड पार्षद क्रमवार मतपेटियों में मतदान करेंगे। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा। सर्वाधिक मत प्राप्त करने वाले प्रत्याशियों को निर्वाचित घोषित करते हुए प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।प्रशासन ने सभी वार्ड पार्षदों से पहचान पत्र के साथ निर्धारित समय पर उपस्थित रहने की अपील की है।