सशक्त स्थाई समिति के चुनाव की तारीख घोषित
जिला पंचायत शाखा बक्सर की ओर से नगर निगम, नगर परिषद एवं नगर पंचायतों की सशक्त स्थाई समिति के सदस्यों के निर्वाचन को लेकर आधिकारिक सूचना जारी कर दी गई है। बिहार नगरपालिका अधिनियम, 2007 की धारा 20 की उपधारा (2) एवं (3) के तहत यह निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।


__ 29 मई को नगर निकायों में होगी विशेष बैठक, गुप्त मतदान से चुने जाएंगे सदस्य
केटी न्यूज/बक्सर
जिला पंचायत शाखा बक्सर की ओर से नगर निगम, नगर परिषद एवं नगर पंचायतों की सशक्त स्थाई समिति के सदस्यों के निर्वाचन को लेकर आधिकारिक सूचना जारी कर दी गई है। बिहार नगरपालिका अधिनियम, 2007 की धारा 20 की उपधारा (2) एवं (3) के तहत यह निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। इसके लिए जिले के सभी नगर निकायों में 29 मई, शुक्रवार को विशेष बैठक आहूत की गई है।जारी अधिसूचना के अनुसार निर्वाचन प्रक्रिया नगर निगम एवं नगर परिषद कार्यालय के सभाकक्ष में पूर्वाह्न 8 बजे से शुरू होगी।

इस दौरान नगर निकायों के निर्वाचित वार्ड पार्षद अपने बीच से सशक्त स्थाई समिति के सदस्यों का चयन गुप्त मतदान के माध्यम से करेंगे। प्रशासन ने निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं।सूचना में स्पष्ट किया गया है कि सशक्त स्थाई समिति के अध्यक्ष पदेन संबंधित नगर निकाय के महापौर, मुख्य पार्षद अथवा अध्यक्ष होंगे। वहीं समिति के अन्य सदस्यों का निर्वाचन लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत मतदान द्वारा किया जाएगा। निर्वाचन में भाग लेने वाले उम्मीदवारों को विहित प्रपत्र में नामांकन पत्र निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष दाखिल करना होगा।

प्रशासन की ओर से सभी निर्वाचित वार्ड पार्षदों को समय से उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है। साथ ही मतदान प्रक्रिया में शामिल होने के लिए पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य किया गया है। जिला पंचायत शाखा ने कहा है कि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए सभी पार्षद निर्धारित समय पर सभास्थल पर पहुंचें।नगर निकायों की सशक्त स्थाई समिति को स्थानीय प्रशासनिक एवं विकासात्मक निर्णयों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली समिति माना जाता है। ऐसे में इस चुनाव को लेकर नगर निकायों के राजनीतिक गलियारों में भी सरगर्मी बढ़ गई है। निर्वाचन को लेकर विभिन्न वार्ड पार्षदों के बीच रणनीतिक चर्चाओं का दौर भी तेज हो गया है।

