रिश्तों में दरार बनी खूनी संघर्ष की वजह, गांव में दो पक्ष आमने-सामने
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के दिया परमेश्वर गांव में पारिवारिक विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब आपसी तनातनी मारपीट में बदल गई। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया।

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के दिया परमेश्वर गांव में पारिवारिक विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब आपसी तनातनी मारपीट में बदल गई। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया। मामले को लेकर दोनों ओर से थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसके बाद पुलिस ने क्रॉस एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, लंबे समय से चले आ रहे पारिवारिक मतभेद के कारण दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था। इसी विवाद ने अचानक उग्र रूप धारण कर लिया और दोनों ओर से आरोप-प्रत्यारोप के बीच मारपीट की घटना हो गई। घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।

एक पक्ष की महिला द्वारा दर्ज कराए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि कुछ लोग उनके घर में घुस आए और लाठी-डंडों से हमला कर उन्हें तथा उनके परिजनों को घायल कर दिया। पुलिस ने इस शिकायत के आधार पर विकास गिरी, उद्धव गिरी, ओमप्रकाश गिरी समेत चार लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है।वहीं दूसरे पक्ष के ओमप्रकाश गिरी ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि उनकी पत्नी के साथ मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल किया गया। उनकी शिकायत पर सूर्य कुमार गिरी तथा एक महिला सहित दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

घटना के बाद दोनों पक्षों के घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है। पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है और घटनास्थल से जुड़े तथ्यों को खंगालने में जुटी है।कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से प्राप्त आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

