पुलिस की आहट मिलते ही भागा तस्कर, सड़क पर छोड़ गया गांजा की खेप

तिलकराय के हाता थाना क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई से एक बार फिर तस्करों में हड़कंप मचा है। रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि करीब एक बजे नियाजीपुर गांव के लचकवा पुल के समीप गश्त कर रही पुलिस टीम को देखकर एक संदिग्ध बाइक सवार इस कदर घबरा गया कि गिरफ्तारी के डर से नशे की खेप सड़क किनारे फेंककर अंधेरे में भाग निकला।

पुलिस की आहट मिलते ही भागा तस्कर, सड़क पर छोड़ गया गांजा की खेप

__ लचकवा पुल के पास गश्ती दल को देखकर थैली फेंक अंधेरे में हुआ फरार, 885 ग्राम गांजा बरामद

केटी न्यूज/डुमरांव

तिलकराय के हाता थाना क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई से एक बार फिर तस्करों में हड़कंप मचा है। रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि करीब एक बजे नियाजीपुर गांव के लचकवा पुल के समीप गश्त कर रही पुलिस टीम को देखकर एक संदिग्ध बाइक सवार इस कदर घबरा गया कि गिरफ्तारी के डर से नशे की खेप सड़क किनारे फेंककर अंधेरे में भाग निकला। पुलिस ने मौके से 885 ग्राम गांजा बरामद कर जब्त कर लिया।बताया जाता है कि देर रात पुलिस टीम लचकवा पुल के आसपास गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक पुलिस की नजर में आया। पुलिसकर्मियों ने उसे रुकने का इशारा किया। लेकिन पुलिस को देखते ही युवक ने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी। कुछ दूर आगे जाकर उसने अपने पास मौजूद एक थैली सड़क किनारे फेंक दी और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पुलिस जवानों ने भाग रहे युवक का पीछा भी किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आ सका। इसके बाद सड़क किनारे फेंकी गई थैली की तलाशी ली गई। थैली से 885 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर फरार तस्कर की पहचान की कवायद शुरू कर दी है।प्रभारी एसडीपीओ समीर कुमार सिंह ने बताया कि गश्ती के दौरान पुलिस टीम को यह सफलता मिली है। फरार युवक की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में जांच-पड़ताल की जा रही है। उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है।पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि रात के अंधेरे में नशे की खेप पहुंचाने वालों पर भी निगाह रखी जा रही है। अब पुलिस के सामने बरामद गांजे के स्रोत और फरार युवक तक पहुंचने की चुनौती है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी सामने आ सकती है।