सिपाही भर्ती परीक्षा में कड़ी निगरानी, डीएम ने केंद्रों का किया औचक निरीक्षण
केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) की विज्ञापन संख्या 01/2026 के तहत विशेष शाखा में सिपाही (सामान्य बंद संवर्ग) के पदों पर चयन के लिए आयोजित लिखित परीक्षा बुधवार को बक्सर जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न हुई। परीक्षा के सफल संचालन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा।

__ बक्सर में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई लिखित परीक्षा, रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड पर हेल्पलाइन काउंटर का लिया जायजा
केटी न्यूज/बक्सर:
केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) की विज्ञापन संख्या 01/2026 के तहत विशेष शाखा में सिपाही (सामान्य बंद संवर्ग) के पदों पर चयन के लिए आयोजित लिखित परीक्षा बुधवार को बक्सर जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न हुई। परीक्षा के सफल संचालन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा।जिला दंडाधिकारी साहिला ने बुधवार को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने एमपी हाई स्कूल, रामरेखा घाट बक्सर स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं को परखा।

डीएम ने केंद्र पर तैनात दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, केंद्राधीक्षक एवं वीक्षकों को परीक्षा के दौरान लगातार भ्रमणशील रहने तथा पूरी सतर्कता के साथ शांतिपूर्ण और निष्पक्ष परीक्षा संचालन का निर्देश दिया।उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की अनियमितता या कदाचार की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की जांच और परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने बक्सर रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर बनाए गए हेल्पलाइन काउंटर का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से अभ्यर्थियों की सुविधा, मार्गदर्शन और सहायता व्यवस्था की जानकारी ली। बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासनिक टीमों को सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया।

जिला नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रथम पाली में जिले में कुल 4338 परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा आयोजित की गई थी। इनमें से 1276 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 3062 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान किसी भी परीक्षार्थी को निष्कासित नहीं किया गया।प्रभारी नियंत्रण कक्ष ने बताया कि बक्सर जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। कहीं से भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना या कदाचार की सूचना प्राप्त नहीं हुई। जिला प्रशासन की सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था के कारण परीक्षा प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी कराई गई।प्रशासन की ओर से बताया गया कि परीक्षा के दौरान लगातार निगरानी रखी गई और सभी केंद्रों पर प्रतिनियुक्त अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने का निर्देश दिया गया था।

