एसपी के जनता दरबार में उठा नया भोजपुर पैक्स बैंक के गबन का मुद्दा, एसपी ने सामूहिक एफआईआर के दिए आदेश

नया भोजपुर थाने में सोमवार को एसपी शुभम आर्य ने जनता दरबार का आयोजन किया। इस दौरान जहां पंचायत प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सामूहिक समस्याओं के प्रति पुलिस कप्तान का ध्यान आकृष्ट कराया, वहीं आम लोगों ने व्यक्तिगत समस्याओं को भी एसपी के समक्ष रखा। एसपी ने कई मामलों का त्वरित निष्पादन किया, जबकि कुछ मामलों में संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को तत्काल कार्रवाई कर लोगों को न्याय दिलाने व उक्त कार्रवाई से उन्हें अवगत कराने का निर्देश दिया। जबकि कई मामलों में एसपी ने संबंधित विभाग से समन्वय बना सामूहिक मुद्दों के समाधान का आश्वासन लोगों को दिया।

एसपी के जनता दरबार में उठा नया भोजपुर पैक्स बैंक के गबन का मुद्दा, एसपी ने सामूहिक एफआईआर के दिए आदेश

-- ए एसपी साहेब... हमारा बेटी के बियाह करेके बा, पैक्स के बैंक वाला हमार जमा पईसा नईखे देत

-- नया भोजपुर थाने में आयोजित हुआ एसपी का जनता दरबार, छाया रहा नया भोजपुर पैक्स द्वारा संचालित बैंक के गबन का मामला, एक दर्जन से अधिक लोगों ने पैसा वापस दिलाने की लगाई गुहार

-- महिला का आवेदन की एंट्री नहीं करने पर एसपी ने जमादार को सस्पेंड करने का सुनाया फरमान

केटी न्यूज/डुमरांव 

नया भोजपुर थाने में सोमवार को एसपी शुभम आर्य ने जनता दरबार का आयोजन किया। इस दौरान जहां पंचायत प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सामूहिक समस्याओं के प्रति पुलिस कप्तान का ध्यान आकृष्ट कराया, वहीं आम लोगों ने व्यक्तिगत समस्याओं को भी एसपी के समक्ष रखा। एसपी ने कई मामलों का त्वरित निष्पादन किया, जबकि कुछ मामलों में संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को तत्काल कार्रवाई कर लोगों को न्याय दिलाने व उक्त कार्रवाई से उन्हें अवगत कराने का निर्देश दिया।जबकि कई मामलों में एसपी ने संबंधित विभाग से समन्वय बना सामूहिक मुद्दों के समाधान का आश्वासन लोगों को दिया। इस दौरान कुल पांच सामजिक मुद्दे समेत दो दर्जन से अधिक मामले आए। एसपी के इस जनता दरबार में सबसे अधिक नया भोजपुर पैक्स द्वारा जमा वृद्धि योजना के तहत संचालित बैंक के गबन का मामला उठा। 

-- जनता दरबार में छाया रहा पैक्स बैंक के गबन का मुद्दा

एसपी के जनता दरबार में नया भोजपुर पैक्स द्वारा जमा वृद्धि योजना के तहत संचालित किए गए बैंक के गबन का मुद्दा छाया रहा। करीब दर्जन भर से अधिक शिकायतकर्ताओं ने एसपी को बताया कि पैक्स बैंक द्वारा दो करोड़ से अधिक रूपए का गबन किया गया है, जो गरीबों की गाढ़ी कमाई का पैसा था। ग्रामीणों ने बताया कि जो सामाजिक या आर्थिक रूप से मजबूत थे उनका पैसा पैक्स ने लौटा दिया, जबकि संचालक व उसके लोगों ने  गरीबों को लंबे समय तक झांसे में रखा तथा अधिकांश लोगों का पासबुक भी अपने पास जब्त कर लिया। वहीं, अब पैसा मांगने पर डांटकर भगाया जा रहा है। 

-- हुजूर फरवरी में शादी है, अभी तक नहीं मिला जमा पैसा

इस दौरान सुनीता कुमारी ने एसपी को बताया कि हुजूर फरवरी में मेरे घर लड़की की शादी है, पैक्स में मेरे घरवालों ने 86 हजार रूपए जमा कराए है, लेकिन अब वह पैसा नहीं मिल रहा है। पैक्स बैंक में भी ताला लटका हुआ है।सुनीता का कहना था कि पैसे के अभाव में शादी टूटने की नौबत आ गई है। अभी तक उस निमित कुछ तैयारी भी हमलोग नहीं कर पा रहे है, जबकि स्थानीय पुलिस ने इस पर संज्ञान नहीं लिया है।

बता दें कि पूर्व में यह विवाद थाना पहुंचा था, जहां थाना द्वारा समझौता कराते हुए पैक्स संचालक को कुछ समय निर्धारित कर लोगों का पैसा लौटाने का निर्देश दिया गया था, लेकिन संचालक द्वारा अबतक अधिकांश लोगों का पैसा नहीं लौटाया गया है।  कुछ ऐसा ही आरोप नया भोजपुर के राजेश कुमार, असगर कुरैशी, रिंकू कुरैशी, गुड़िया खातून, शमशाद, गोरख प्रसाद, हस्साम खां, हरेराम यादव समेत कई अन्य लोगों व महिलाओं ने पैक्स बैंक द्वारा अबतक पैसा नहीं लौटाने की शिकायत की। 

-- बोले एसपी सामूहिक आवेदन पर एफआईआर दर्ज कर करें कार्रवाई

लोगों की इस समस्या को सुन एसपी काफी सख्त हो गए। उन्होंने इसे गंभीर अपराध माना तथा नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार को लोगों से सामूहिक आवेदन लेकर एफआईआर दर्ज कर संचालक तथा संबंधित अन्य दोषियों पर सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया। एसपी ने कहा कि हर हाल में लोगों का जमा पैसा वापस होना चाहिए। 

-- बोले लोग वर्षों से नहीं हुआ है पैक्स बैंक का आडिट

इस दौरान नया भोजपुर के ग्रामीणों ने कहा कि पैक्स द्वारा संचालित इस बैंक में बड़े पैमाने पर घोटाले किए गए है, जबकि विभाग द्वारा वर्षों से इसका आडिट नहीं किया गया है। लोगों ने इस पैक्स तथा इसके द्वारा संचालित बैंक का आडिट कराने की मांग किया और कहा कि यदि गहराई से जांच की जाएगी तो गबन की राशि बढ़ सकती है। 

-- माता-पिता की हो चुकी है मृत्यु, चाचा घर पर कर लिए है कब्जा

एसपी के जनता दरबार में कई ऐसे मामले भी सामने आए, जिसे सुन लोग द्रवित हो उठे। इसी कड़ी में नया भोजपुर निवासी शिवानी कुमारी ने एसपी को आवेदन दे बताई कि उसके माता-पिता की मृत्यु हो चुकी है। एक छोटा भाई है, जिसकी परवरिश की जिम्मेवारी भी अब मेरे जिम्मे ही है। शिवानी ने एसपी को बताया कि उसके चाचा रमेश पैतृक घर पर कब्जा जमा लिए है। गांव के बुद्धिजीवियों व पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा पंचायती में जो फैसला सुनाया गया था, चाचा उसे भी नहीं मान रहे है। एसपी ने नया भोजपुर थानाध्यक्ष को इस पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि उक्त लड़की को जरूर न्याय मिले, ऐसा प्रयास करना है। 

-- सिमरी थाने के पुलिस पदाधिकारी पर गाड़ी छोड़ने के लिए पैसा मांगने का लगा आरोप

एसपी के जनता दरबार में सिमरी से आई देवान्ति देवी ने बताया कि उसके पुत्र छोटेलाल को पुलिस ने काजीपुर से शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार किया था। इस दौरान पुलिस ने उसकी बाइक भी जब्त कर ली थी। देवान्ति ने बताया कि अब पुलिस वाहन को छोड़ने के लिए 50 हजार रूपए की मांग कर रही है। उन्होंने सिमरी थाने में पद स्थापित एक दारोगा का नाम का जिक्र भी अपने आवेदन में किया है। एसपी ने इसकी जांच कर दोष साबित होने पर कार्रवाई का भरोसा दिया। 

-- आवेदन एंट्री नहीं करने पर नपे नया भोजपुर थाने के जमादार

एसपी के जनता दरबार में बभनौल अड्डा से पहुंची शबनम खातून के मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में एसपी ने नया भोजपुरे थाने में पद स्थापित जमादार अमृत लाल को सस्पेंड करने का फरमान सुनाया। दरअसल शबनम रविवार की शाम भी थाने पर आई थी तथा एक आवेदन भी ओडी में मौजूद जमादार अमृत लाल को दी थी, लेकिन उन्होंने महिला के आवेदन की एंट्री तक नहीं की थी। एसपी ने इसे लापरवाही माना तथा तत्काल प्रभाव से जमादार को सस्पेंड करने का फरमान सुना दिया।

वहीं, जनता दरबार में शबनम ने एसपी को आवेदन दे बताया कि उसके पति ट्रक ड्राइवर है तथा नया भोजपुर निवासी महताब खां का ट्रक चलाते थे। वे दो साल तक उनका ट्रक चलाए, इस दौरान महताब ने उन्हें एक साल की मजदूरी ही दी है, अभी भी उसके पास मेरे पति का 80 हजार रूपए बकाया है, जिसे देने में वह आनाकानी कर रहा है। एसपी ने नया भोजपुर थानाध्यक्ष को इस मामले में आरोपित को बुला पूछताछ करने तथा बकाया पैसा दिलवाने का निर्देश दिया। 

-- पत्नी दो बच्चो को छोड़ हो गई है फरार, पुलिस नहीं कर रही बरामद

वहीं, नया भोजपुर निवासी राजकुमार बिंद ने एसपी को आवेदन दे बताया कि उनकी पत्नी दो बच्चों को छोड़ 19 दिसंबर को ही गांव के ही कृष्णा चौधरी के साथ फरार हो गई है। राजकुमार का कहना था कि उसने इस मामले में नामजद एफआईआर दर्ज कराया है, लेकिन पुलिस अभी तक उसे बरामद नहीं कर सकी है। एसपी ने इस मामले में तेजी लाने तथा आरोपित व उसकी पत्नी को बरामद करने का निर्देश दिया।

-- जमीन विवाद के मामले रहे नगण्य 

एसपी के जनता दरबार में जमीन विवाद संबंधित मात्र एक मामला ही आया। सिमरी की पार्वती देवी ने एसपी के जनता दरबार में जमीन विवाद का मुद्दा उठाया, इस दौरान एसपी ने उसे न्याय दिलाने का भरोसा दिया। हालांकि, डुमरांव थाने में आयोजित जनता दरबार की अपेक्षा यहां जमीन विवाद संबंधित मामले देखने को नहीं मिले। जनता दरबार के दौरान एसपी के साथ डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार, पुलिस निरीक्षक श्रीनाथ कुमार, नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार, अपर थानाध्यक्ष सुमन कुमार, वार्ड पार्षद प्रदीप वर्मा, धर्मेन्द्र कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता अनिल यादव, विजय राम समेत बड़ी संख्या में फरियादी मौजूद थे।