बक्सर में रसोई गैस की कोई कमी नहीं, अफवाहों से बचें: डीएम साहिला
जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में रसोई गैस आपूर्ति व्यवस्था को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में रसोई गैस की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं से अपील की कि वे घबराहट में अनावश्यक बुकिंग करने से बचें तथा अफवाहों पर ध्यान न दें।

__ प्रेस वार्ता में दी गई जानकारी, 27 एजेंसियों के माध्यम से नियमित आपूर्ति; कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई
केटी न्यूज/बक्सर:
जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में रसोई गैस आपूर्ति व्यवस्था को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में रसोई गैस की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं से अपील की कि वे घबराहट में अनावश्यक बुकिंग करने से बचें तथा अफवाहों पर ध्यान न दें।जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनियों के अंतर्गत कुल 27 गैस एजेंसियां संचालित हैं। इनमें बक्सर अनुमंडल में 12 तथा डुमरांव अनुमंडल में 15 एजेंसियां कार्यरत हैं।

13 से 31 मार्च तक कुल 90,034 गैस सिलेंडरों का वितरण उपभोक्ताओं के बीच किया जा चुका है।वहीं 31 मार्च तक एजेंसियों के पास 4,541 सिलेंडर का भंडार उपलब्ध है।कंपनीवार स्थिति की जानकारी देते हुए बताया गया कि इंडियन ऑयल के 13 वितरकों के पास 2,527 सिलेंडर उपलब्ध हैं, जबकि 17,027 बुकिंग लंबित हैं और औसत प्रतीक्षा अवधि 4.5 दिन है। भारत पेट्रोलियम के 6 वितरकों के पास 1,610 सिलेंडर उपलब्ध हैं, 3,528 बुकिंग लंबित हैं तथा औसत प्रतीक्षा अवधि 4.02 दिन है। वहीं हिंदुस्तान पेट्रोलियम के 8 वितरकों के पास 404 सिलेंडर उपलब्ध हैं, 3,794 बुकिंग लंबित हैं और औसत प्रतीक्षा अवधि 3.4 दिन बताई गई है।

जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में सात स्थानों पर “दीदी की रसोई” संचालित है, जिनमें सदर अस्पताल, रजिस्ट्री कार्यालय, समाहरणालय परिसर, पुलिस लाइन, अनुमंडलीय अस्पताल, बीएमपी शिविर एवं अनुसूचित जनजाति आवासीय विद्यालय शामिल हैं। इन केंद्रों को आवश्यकता के अनुसार व्यावसायिक गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए शहरी क्षेत्रों में घरेलू उपभोक्ताओं को अंतिम सिलेंडर की आपूर्ति के 25 दिनों बाद तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिनों बाद ही नई बुकिंग की अनुमति दी गई है। इससे सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराना संभव हो सकेगा।

प्रशासन द्वारा कालाबाजारी और जमाखोरी पर लगातार नजर रखी जा रही है। वरीय अधिकारियों द्वारा नियमित छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 21 मार्च को अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर सदर द्वारा औचक निरीक्षण के दौरान दो रेस्टोरेंट पहवा रेस्टोरेंट और संगम फैमिली रेस्टोरेंट के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई तथा 24 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए।जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। रसोई गैस से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत या सूचना के लिए लोग दूरभाष संख्या 06183-223333 पर संपर्क कर सकते हैं। 31 मार्च तक कुल 546 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 487 का समय पर निस्तारण कर दिया गया है, जबकि शेष शिकायतों पर कार्रवाई जारी है।

जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि स्वेच्छा से वापस लौटने वाले प्रवासी श्रमिकों की निगरानी की जा रही है। श्रम अधीक्षक को ऐसे सभी श्रमिकों का पंजीकरण करने का निर्देश दिया गया है।उन्होंने चेतावनी दी कि रसोई गैस, पेट्रोलियम पदार्थों या आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति को लेकर भ्रामक या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की सतत निगरानी जारी है।अंत में जिलाधिकारी ने दोहराया कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत घर-घर आपूर्ति के माध्यम से ही गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है और जिले में किसी प्रकार का संकट नहीं है।

