सब्जी लेकर लौट रहे तीन दोस्तों को रौंद गया बेलगाम ट्रक, दो घरों के बुझ गए चिराग, तीसरे की हालत नाजुक

राजपुर थाना क्षेत्र में रविवार की शाम एक तेज रफ्तार ट्रक ने ऐसी तबाही मचाई कि दो परिवारों के जवान बेटों की सांसें हमेशा के लिए थम गईं, जबकि तीसरा युवक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। चौसा-कोचस मुख्य मार्ग पर तिलकड़ा गांव के समीप हुए इस दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।

सब्जी लेकर लौट रहे तीन दोस्तों को रौंद गया बेलगाम ट्रक, दो घरों के बुझ गए चिराग, तीसरे की हालत नाजुक

__ राजपुर थाना क्षेत्र के तिलकड़ा के पास दर्दनाक हादसे के बाद फूटा लोगों का गुस्सा, घंटों जाम रही सड़क, घायल युवक जिंदगी और मौत से जूझ रहा

केटी न्यूज/राजपुर

राजपुर थाना क्षेत्र में रविवार की शाम एक तेज रफ्तार ट्रक ने ऐसी तबाही मचाई कि दो परिवारों के जवान बेटों की सांसें हमेशा के लिए थम गईं, जबकि तीसरा युवक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। चौसा-कोचस मुख्य मार्ग पर तिलकड़ा गांव के समीप हुए इस दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया, जिससे ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा और देखते ही देखते सड़क रणक्षेत्र में तब्दील हो गई। आक्रोशित लोगों ने मुख्य सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर तियरा बाजार सब्जी खरीदने गए थे। बाजार से लौटते वक्त तिलकड़ा गांव के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भयावह थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में त्रिकालपुर गांव निवासी लालधर राम का 19 वर्षीय पुत्र विकास राम ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल पवन राम की इलाज के दौरान मौत हो गई। तीसरा युवक अरुण राम गंभीर रूप से घायल है, जिसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देखते हुए तीनों को सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

लेकिन तब तक विकास की सांसें थम चुकी थीं। वहीं, इलाज के दौरान पवन भी जिंदगी की जंग हार गया। अरुण को बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना भेजा गया है।घटना की सूचना मिलते ही दोनों मृत युवकों के घरों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। जिन घरों में कुछ घंटे पहले तक हंसी-खुशी का माहौल था, वहां अब केवल मातम और आंसुओं का सैलाब है। ग्रामीणों का कहना था कि तेज रफ्तार वाहनों के कारण इस सड़क पर लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठा सका है।इधर, हादसे से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर चौसा-कोचस मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। लोगों ने प्रशासन से मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने तथा फरार ट्रक चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

ग्रामीण सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ट्रक की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग पर अड़े रहे। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।घटना की सूचना पर राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं, अंचलाधिकारी डॉ. शोभा कुमारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास करती रहीं। प्रशासन ने लोगों को आश्वासन दिया कि फरार चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता दी जाएगी। बावजूद इसके देर शाम तक लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ था।थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि ट्रक चालक हादसे के बाद वाहन लेकर फरार हो गया है।

पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है तथा ट्रक की पहचान करने का प्रयास जारी है। उन्होंने कहा कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि चौसा-कोचस मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार भारी वाहनों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। सड़क पर न तो पर्याप्त निगरानी है और न ही वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने की कोई व्यवस्था। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर स्पीड कंट्रोल और नियमित जांच अभियान चलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी हृदयविदारक घटनाओं को रोका जा सके।