लगातार चोरी से खौफ में कारोबारी, बाजार बंद कर सड़क जाम

नावानगर बाजार में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने व्यापारियों के सब्र का बांध तोड़ दिया है। गुरुवार की रात अज्ञात चोरों ने बाजार की दो किराना दुकानों को निशाना बनाते हुए हजारों रुपये नगद पर हाथ साफ कर दिया। घटना से आक्रोशित दुकानदारों ने शुक्रवार सुबह बाजार बंद कर डुमरांव-बिक्रमगंज मुख्य पथ को जाम कर दिया।

लगातार चोरी से खौफ में कारोबारी, बाजार बंद कर सड़क जाम

--नावानगर में दो किराना दुकानों से हजारों की नकदी पार, व्यापारियों ने कहा– “रात में नहीं है सुरक्षा”

केटी न्यूज/नावानगर

नावानगर बाजार में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने व्यापारियों के सब्र का बांध तोड़ दिया है। गुरुवार की रात अज्ञात चोरों ने बाजार की दो किराना दुकानों को निशाना बनाते हुए हजारों रुपये नगद पर हाथ साफ कर दिया। घटना से आक्रोशित दुकानदारों ने शुक्रवार सुबह बाजार बंद कर डुमरांव-बिक्रमगंज मुख्य पथ को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।व्यापारियों का आरोप था कि बाजार क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस की रात्रि गश्ती नाकाफी साबित हो रही है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराज कारोबारियों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बाजार में भय के माहौल का मुद्दा उठाया।

बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।जानकारी के अनुसार नावानगर गांव के मुख्य बाजार स्थित किराना दुकानदार छट्ठू चौरसिया और शमशेर की दुकानों में चोर देर रात छत के रास्ते दाखिल हुए। चोरों ने दुकानों की छत पर रखे पत्थरों को हटाया और अंदर घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना को बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम देने की चर्चा पूरे बाजार में होती रही।पीड़ित दुकानदारों के मुताबिक छट्ठू चौरसिया की दुकान से करीब दस हजार रुपये नकद और शमशेर की दुकान से लगभग पच्चीस हजार रुपये गायब मिले।

सुबह जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए।सामान बिखरा पड़ा था और गल्ले से नकदी गायब थी। चोरी की खबर फैलते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में व्यापारी मौके पर जुट गए।घटना से नाराज व्यापारियों ने तत्काल बाजार बंद करने का फैसला लिया। देखते ही देखते अधिकांश दुकानों के शटर गिर गए और कारोबारी सड़क पर उतर आए। व्यापारियों ने कहा कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने उन्हें असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर कर दिया है। उनका कहना था कि यदि समय रहते पुलिस सक्रिय नहीं हुई तो आने वाले दिनों में बड़ी घटनाएं हो सकती हैं।

प्रदर्शन कर रहे दुकानदारों ने रात्रि गश्ती बढ़ाने, बाजार क्षेत्र में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग कराने तथा चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने की मांग की। कारोबारियों का कहना था कि बाजार क्षेत्र में रात के समय पुलिस की मौजूदगी बेहद कम रहती है, जिसका फायदा अपराधी उठा रहे हैं।सड़क जाम की सूचना मिलते ही नावानगर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष मंटू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित व्यापारियों से बातचीत की और जल्द मामले के खुलासे का भरोसा दिलाया। पुलिस अधिकारी के आश्वासन के बाद दुकानदार शांत हुए और जाम समाप्त किया गया। करीब काफी देर तक सड़क बाधित रहने के कारण राहगीरों और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

इधर पीड़ित दुकानदार छट्ठू चौरसिया ने नावानगर थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष मंटू कुमार ने बताया कि चोरी की घटना को गंभीरता से लिया गया है। आसपास के संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जा रही है तथा चोरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने नावानगर बाजार के व्यापारियों में दहशत पैदा कर दी है। कारोबारियों का साफ कहना है कि यदि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं हुई तो वे बड़े आंदोलन के लिए मजबूर है।