हरिकिशुनपुर की जर्जर सड़क पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
बक्सर जिला मुख्यालय से महज तीन किलोमीटर दूर स्थित हरिकिशुनपुर गांव आज भी बदहाल सड़क की मार झेल रहा है। गांव को आरा–बक्सर मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह बने बड़े गड्ढों और जलजमाव ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इस गंभीर समस्या को लेकर बक्सर जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडे ने जिलाधिकारी साहिला, सांसद सुधाकर सिंह, सदर विधायक आनंद मिश्रा और संबंधित विभागीय अधिकारियों को पत्र भेजकर तत्काल सड़क निर्माण कराने की मांग उठाई है।


__ कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज पांडे ने डीएम, सांसद और विधायक को पत्र लिख तत्काल निर्माण की उठाई मांग
केटी न्यूज/बक्सर
बक्सर जिला मुख्यालय से महज तीन किलोमीटर दूर स्थित हरिकिशुनपुर गांव आज भी बदहाल सड़क की मार झेल रहा है। गांव को आरा–बक्सर मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह बने बड़े गड्ढों और जलजमाव ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इस गंभीर समस्या को लेकर बक्सर जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडे ने जिलाधिकारी साहिला, सांसद सुधाकर सिंह, सदर विधायक आनंद मिश्रा और संबंधित विभागीय अधिकारियों को पत्र भेजकर तत्काल सड़क निर्माण कराने की मांग उठाई है।डॉ. पांडे ने अपने पत्र में कहा है कि पंचायत दलसागर अंतर्गत हरिकिशुनपुर गांव की यह सड़क अब ग्रामीणों के लिए परेशानी ही नहीं, बल्कि खतरे का कारण बन चुकी है।

बरसात के दिनों में सड़क की स्थिति और भयावह हो जाती है। कीचड़ और जलजमाव के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों, गर्भवती महिलाओं, मरीजों, किसानों और बुजुर्गों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई बार दुर्घटनाएं होते-होते बची हैं, जबकि मरीजों को अस्पताल पहुंचाना भी चुनौती बन जाता है।उन्होंने प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्षों से सिर्फ आश्वासन दिए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस पहल नहीं दिख रही। विकास के बड़े-बड़े दावों के बीच जिला मुख्यालय से सटे गांव की ऐसी स्थिति प्रशासनिक संवेदनहीनता को उजागर करती है।

डॉ. पांडे ने यह भी कहा कि खराब सड़क के कारण किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने मांग की कि सड़क का अविलंब कालीकरण और पक्कीकरण कराया जाए तथा संबंधित विभाग को तत्काल कार्य शुरू करने का निर्देश दिया जाए।उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण केवल सुविधा का मुद्दा नहीं, बल्कि हजारों ग्रामीणों की सुरक्षा, सम्मान और बुनियादी अधिकारों से जुड़ा सवाल है। प्रशासन को इसे सर्वोच्च प्राथमिकता में लेकर शीघ्र कार्रवाई करनी चाहिए।

