कसिया में करंट की चपेट में आने से युवा किसान की मौत, पसरा मातम

डुमरांव थाना क्षेत्र के कसिया गांव में बुधवार को धान के खेत के पटवन के दौरान एक युवा किसान करंट की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के घर कोहराम मच गया।

कसिया में करंट की चपेट में आने से युवा किसान की मौत, पसरा मातम

-- पटवन के दौरान हुआ हादसा, पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने सौंपा शव

केटी न्यूज/डुमरांव

डुमरांव थाना क्षेत्र के कसिया गांव में बुधवार को धान के खेत के पटवन के दौरान एक युवा किसान करंट की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के घर कोहराम मच गया। मृतक की पहचान स्थानीय गांव निवासी स्व. मारकंडेय सिंह के 28 वर्षीय पुत्र दिवाकर सिंह उर्फ लड्डू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह बुधवार को गांव के पूरब स्थित बधार में अपने खेत की पटवन करने घर से निकला था। बोरिंग चालू करने के दौरान वह धारा प्रवाहित तार की चपेट में आ गया, जिससे घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई। 

उसके करंट की चपेट में आने की जानकारी मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। वह दो भाईयों में छोटा था। वहीं, उसके चचेरे भाई तथा कसिया पंचायत के सरपंच चंदन कुमार सिंह ने बताया कि वह काफी होनहार था, तथा पिता की मौत के बाद दोनों भाई काफी मजबूती से घर का संचालन कर रहे थे, लेकिन इस हादसे से पूरा परिवार टूट गया है। हादसे के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था। वहीं, घटना के बाद बिजली विभाग के कार्यशैली पर भी सवाल खड़ा होने लगा है। बताया जाता है कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगहों पर जर्जर व लटकते-झुलते तार हादसे को न्योंता दे रहे है, बावजूद बिजली विभाग उनके मरम्मत के प्रति उदासीन बना हुआ है।