संदिग्ध हालात में युवक की मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
औद्योगिक थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव के समीप एनएच 922 पर रविवार की रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गोगौरा गांव निवासी 28 वर्षीय नीतीश कुमार तिवारी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने इसे साधारण सड़क दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है।
केटी न्यूज/बक्सर
औद्योगिक थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव के समीप एनएच 922 पर रविवार की रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गोगौरा गांव निवासी 28 वर्षीय नीतीश कुमार तिवारी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने इसे साधारण सड़क दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है।जानकारी के अनुसार, नीतीश कुमार तिवारी अपने पैतृक गांव गोगौरा से स्कूटी पर सवार होकर बक्सर शहर स्थित सोहनीपट्टी अपने घर लौट रहे थे।

इसी दौरान अहिरौली के पास काली मंदिर के समीप देर रात वह सड़क पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाए गए। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और उन्हें तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और इस मामले को संदिग्ध बताते हुए साजिश के तहत हत्या किए जाने की आशंका जताई। मृतक के पिता अवधेश तिवारी का कहना है कि यह कोई सामान्य दुर्घटना नहीं हो सकती, बल्कि किसी अज्ञात वाहन द्वारा जानबूझकर टक्कर मारी गई है।

उन्होंने पुलिस से मांग की है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर सच्चाई सामने लाई जाए।बताया जाता है कि नीतीश ट्रांसपोर्टिंग का काम करते थे और अपने परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनकी शादी महज नौ महीने पहले हुई थी, जिससे परिवार में खुशियों का माहौल था, जो अब मातम में बदल गया है।इधर, औद्योगिक थानाध्यक्ष सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही घटना की सच्चाई सामने लाई जाएगी।

