एनएच-120 पर भीषण भिड़ंत: पेट्रोल पंप के पास दो बाइकें टकराईं, युवती समेत तीन गंभीर

डुमरांव-बिक्रमगंज राष्ट्रीय राजमार्ग-120 पर रविवार की दोपहर तेज रफ्तार और लापरवाही एक बार फिर भारी पड़ गई। कोरान सराय स्थित सीएसपी पेट्रोल पंप के समीप दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में युवती समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

एनएच-120 पर भीषण भिड़ंत: पेट्रोल पंप के पास दो बाइकें टकराईं, युवती समेत तीन गंभीर

केटी न्यूज/डुमरांव

डुमरांव-बिक्रमगंज राष्ट्रीय राजमार्ग-120 पर रविवार की दोपहर तेज रफ्तार और लापरवाही एक बार फिर भारी पड़ गई। कोरान सराय स्थित सीएसपी पेट्रोल पंप के समीप दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में युवती समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को संभाला और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही कोरान सराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को आनन-फानन में डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया।घायलों की पहचान वासुदेवा थाना क्षेत्र के आथर गांव निवासी 60 वर्षीय मुसाफिर राय, सिमरी थाना क्षेत्र के इंग्लिशपुर निवासी 18 वर्षीय धनजी कुमार तथा नवानगर थाना क्षेत्र के बड़की भरौली गांव निवासी 21 वर्षीय गायत्री राय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गायत्री राय और धनजी कुमार एक ही बाइक पर सवार थे, जबकि मुसाफिर राय दूसरी बाइक चला रहे थे।अस्पताल सूत्रों के अनुसार दुर्घटना में युवक और युवती को गंभीर चोटें आई हैं।

प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं मुसाफिर राय का इलाज अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है।घटना के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को कब्जे में लेकर सड़क किनारे हटवाया। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने एनएच-120 पर लगातार बढ़ रही दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सड़क सुरक्षा के ठोस इंतजाम की मांग की है।