जमीन के विवाद में युवक को मारी गोली, चचेरे भाई सहित दो गिरफ्तार

जमीन के विवाद में युवक को मारी गोली, चचेरे भाई सहित दो गिरफ्तार

- जख्मी युवक का आरा सदर अस्पताल में कराया जा रहा इलाज

-  घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुटी पुलिस

केटी न्यूज/आरा

जिले के तरारी थाना क्षेत्र के महादेवपुर गांव में जमीन जोतने के विवाद में मंगलवार दोपहर युवक को गोली मार दी गई। गोली उसके दाहिने पैर में घुटने के नीचे लगी है। इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसका इलाज आरा सदर अस्पताल में कराया जा रहा है। जख्मी महादेवपुर गांव निवासी स्व. शिव शंकर सिंह का 40 वर्षीय पुत्र वीर बहादुर सिंह है। गोली मारने का आरोप चचेरे भाइयों पर लगा है। सूचना मिलने पर तरारी थाने की दारोगा पूनम कुमारी घटनास्थल पर पहुंची और दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें प्रमोद यादव और विनोद यादव शामिल हैं। जख्मी वीर बहादुर सिंह ने बताया कि उसका चचेरे भाई प्रमोद यादव से पांच कट्ठा जमीन को लेकर पूर्व से ही विवाद चल रहा है। मंगलवार की दोपहर प्रमोद यादव द्वारा उसकी जमीन को जोत लिया गया था। उसने इसका विरोध किया, तो उन दोनों के बीच तीखी नोकझोंक होने लगी।‌ इस बीच रोड़ेबाजी भी की गयी। इसी बीच प्रमोद यादव ने उसे गोली मार दी। उससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसके बाद उसे इलाज के लिए तरारी पीएचसी से आरा सदर अस्पताल लाया गया। वीरबहादुर ने बताया कि पांच वर्ष पूर्व भी उसी जमीन की विवाद में प्रमोद यादव द्वारा गोली मारी थी।तब किसी तरह जान बच सकी थी। उस मामले में केस भी चल रहा है और प्रमोद जेल जा चुका है। एसडीपीओ राहुल सिंह ने बताया कि इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।