खिड़की का ग्रिल उखाड़ कर ईओ के किराए के मकान से जेवर व नगदी की चोरी

खिड़की का ग्रिल उखाड़ कर ईओ के किराए के मकान से जेवर व नगदी की चोरी

- घर खाली देख चोरों नेघटना को दिया अंजाम, अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी

- सीसीटीवी फुटेज से चोरों की पहचान में जुटी पुलिस 

केटी न्यूज/आरा

पूजा का माहौल शुरू होते ही चोरों की सक्रिया बढ़ गई है। एक बार फिर शहर में चोरी की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया है। इस बार पीएचईडी के कार्यपालक के किराए के मकान को निशाना बनाया गया है। खिड़की का ग्रिल उखाड़ घर में घुसे चोर जेवर और नगदी ले भागे। कुछ महत्वपूर्ण कागजात भी गायब है। चोरी की यह घटना नवादा थाना क्षेत्र के मदन जी के हाता में सोमवार की रात की है। इसे लेकर अभियंता कुमार अरुप द्वारा स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। अभियंता की पत्नी शालिनी प्रिया भी पूर्व में आरा की बीडीओ रह चुकी हैं। जिस मकान में चोरी की वारदात हुई है, उसके ग्राउंड फ्लोर पर एक रिटायर एडीजे भी रहते हैं। अभियंता कुमार अरुप परिवार के साथ मदन जी के हाता निवासी रवि सहाय के मकान के फर्स्ट फ्लोर पर रहते हैं। अभियंता के अनुसार वह रविवार को अपने काम से पटना गये थे। ऐसे में उनका घर खाली था। तभी चोरों ने उनके घर पर हाथ साफ कर लिया।

मंगलवार को नवादा थाने की ओर से उनके ससुर के मोबाइल पर कॉल कर घर में चोरी होने की सूचना दी गयी। इस पर वह आरा पहुंचे, तो देखा कि खिड़की खुली है। ग्रिल उखाड़ कर छज्जा पर रखा हुआ था। अलमीरा का ताला टूटा था और घर का सारा सामान बिखरा था। घर की तलाशी लेने पर सोने की एक चेन, दो टॉप, डायमंड का एक छोटा टॉप और 48 हजार रुपए गायब थे। कुछ महत्वपूर्ण कागज भी गायब मिले। इधर, पुलिस मामले की छानबीन और चोरों की पहचान में जुटी है। इसके लिए सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। बताते चलें कि शहर में चोरी की वारदात काफी बढ़ गयी है। आये दिन चोरी की घटनाएं हो रही है।‌