जमीन विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट और फायरिंग, अधेड़ जख्मी

जमीन विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट और फायरिंग, अधेड़ जख्मी

- हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के 7 लोग जख्मी, आधा दर्जन गिरफ्तार

- जख्मियों का सदर अस्पताल में चलल रहा इलाज

केटी न्यूज/आरा

जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अंर्तगत वीरपुर गांव में जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इस दौरान मनबढ़ों ने गोलीबारी भी की। जिसमें 50 वर्षीय एक अधेड़ गोली लगने से बुरी तरह से जख्मी हो गया। जख्मी अधेड़ वीरपुर गांव निवासी ज्ञान दयाल महतो के बेटे गया नाथ महतो हैं। घटना को लेकर गांव में सनसनी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आधा दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही, फायरिंग में इस्तेमाल देशी राइफल को भी जब्त की गयी है। वहीं, हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के सात लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए। जिनका इलाज जिला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल में कराया जा रहा है। बताया जाता है कि मारपीट में घायलों में गोली जख्मी अधेड़ के बेटे विवेक सम्राट, चचेरे भाई काशीनाथ सिंह, भतीजे तारकेश्वर सिंह और शिवम सिंह शामिल है। वहीं, दूसरे पक्ष के भी तीन लोग गंभीर रूप से चोटिल हुए हैं।‌ 

दोनों पक्षों में 12 वर्षों से चल रहा है विवाद : 

गया नाथ महतो ने बताया कि गांव के ही शक्ल दयाल सिंह उर्फ गुंडेला सिंह से 55 डिसमिल जमीन को लेकर करीब बारह वर्षों से विवाद चल रहा है। दूसरे पक्ष की ओर से बारह वर्षों से जबरन उनकी जमीन जोती जा रही थी। मंगलवार की सुबह वह अपना खेत जोतवा रहे थे। तभी शक्ल दयाल सिंह उर्फ गुंडेला सिंह अपने भाई और भतीजों संग हथियार लेकर आ धमके और उन्हें गोली मार दी। उसके बाद भाई और भतीजे द्वारा लाठी-डंडों से भी उनकी पिटाई की गयी। उनका बेटा, भाई और भतीजे बीच-बचाव करने आए, तो दूसरे पक्ष की ओर से उन लोगों की लाठी-डंडों से जमकर पिटाई कर दी गई। उससे सभी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना के बाद सभी को इलाज के लिए शाहपुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया। वहां इलाज के बाद दोनों को आरा सदर अस्पताल लाया गया। जहां उनका इलाज कराया जा रहा है।

दोनों पक्षों का लिया गया है बयान :

मामले में एसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर मारपीट और फायरिंग की गई है। जिसको लेकर छह से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों पक्षों का बयान लिया गया है। जिसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सदर अस्पताल में ऑन ड्यूटी चिकित्सक डाक्टर. सूर्यकांत निराला ने बताया कि गोली से अधेड़ को बाएं साइड चेस्ट में गोली लगी है, जो आरपार पर हो गई है। मरीज की स्थिति स्टेबल है। उनका दाहिना हाथ भी फ्रैक्चर है। हालांकि अभी उन्हें ऑब्जर्वेशन में रखा जाएगा।