यज्ञ के भंडारे में हुई गोलीबारी दो युवकों की मौत

यज्ञ के भंडारे में हुई गोलीबारी दो युवकों की मौत

केटी न्यूज /आरा।

भोजपुर के सहार थाना क्षेत्र के गोडिहां गांव में शनिवार शाम पूर्व की दुश्मनी में यज्ञ के भंडारे में जमकर गोलीबारी की गयी। ताबड़तोड़ फायरिंग में गांव के दो युवकों की मौत हो गयी। उसमें एक ने घटनास्थल, जबकि दूसरे ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। मरने वालों में गोडिहां गांव निवासी जनेश्वर यादव का 32 वर्षीय पुत्र लल्लू यादव और देव कुमार महतो का 27 वर्षीय पुत्र कृष्णा कुमार महतो शामिल हैं। घटना के मूल में लल्लू यादव का अपने पड़ोसी से पूर्व का विवाद बताया जा रहा है। लल्लू यादव को भंडारे का प्रसाद खाते समय कनपटी में नजदीक से गोली मारी गयी है। उससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

कृष्णा कुमार महतो को भागने के दौरान गोली लगने की बात कही जा रही है। उसे पेट में गोली लगी है। इधर, सरेशाम भंडारे में गोलीबारी और दो युवकों की मौत से गांव में सनसनी मच गयी। भंडारे में भगदड़ मच गयी। गोली मारने का आरोप लल्लू यादव के पड़ोसी के रिश्तेदार ब्रजेश यादव सहित अन्य लोगों पर लगाया जा रहा है‌। ब्रजेश यादव चरपोखरी थाना क्षेत्र के कोयल गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। इधर, पुलिस के अनुसार लल्लू यादव की मौत के बाद उसके परिजनों की ओर से भी फायरिंग की गयी है।

उसी में गलती से कृष्ण कुमार महतो को गोली लग गयी है। सूचना मिलते ही एसडीपीओ राहुल सिंह के नेतृत्व में सहार सहित अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गयी और धरपकड़ शुरू कर दी गयी। एसपी प्रमोद कुमार यादव भी देर रात गोडिहां गांव पहुंचे और अपने स्तर से छानबीन की। मृतकों के परिजनों से मिलकर घटना की पूरी जानकारी ली। पुलिस दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद आगे की कार्रवाई में जुटी है।  भाई बोला: लल्लू को छुपाने के आरोप लगा दरवाजे पर मारी गयी गोली 

गोडिहां गांव निवासी कृष्ण कुमार के भाई मुन्ना कुमार ने बताया कि लल्लू यादव का अपने चाचा छोटक यादव से पूर्व से किसी बात को लेकर रंजिश चली आ रही है। गांव में पहियारी जी महाराज के यज्ञ का आयोजन किया गया था। शनिवार की देर शाम भंडारा चल रहा था। भंडारे के बीच छोटका यादव और लल्लू यादव के बीच पुरानी रंजिश को लेकर नोकझोंक हो गयी। उसके बाद छोटक यादव द्वारा फायरिंग कर दी गई। गोली की आवाज सुनते ही भगदड़ मच गई‌ और लोग इधर-उधर भागने लगे।

इस बीच लालू यादव  भी भाग कर उनके दरवाजे पर आ गया।  छोटक यादव भी वहां आ धमका और कहने लगा कि लल्लू को घर में क्यों छुपाये हो। उन्होंने कहा कि उसे घर में नहीं छुपाया है। तब उसने पहले उसके भाई कृष्ण कुमार को और उसके बाद लालू यादव को गोली मार दी। उसमें लालू यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई कृष्ण कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके बाद उसे इलाज के लिए तत्काल आरा लाया जा रहा था।

वहां डाक्टरों द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया। पूर्व के विवाद में भंडारे में एक युवक को गोली मारी गयी थी। उसी क्रम में एक अन्य युवक को भी गोली लग गई थी। दोनों युवकों की मौत हो गयी है। आरोपितों की पहचान कर ली गयी है। टीम गठित कर छापेमारी की जा रही है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की छानबीन की जा रही है।