हत्या, लूट और डकैती सहित दर्जन भर कांडों में वांछित एक लाख का इनामी अपराध कर्मी गिरफ्तार

हत्या, लूट और डकैती सहित दर्जन भर कांडों में वांछित एक लाख का इनामी अपराध कर्मी गिरफ्तार

सहार थाना क्षेत्र के नवादा गांव से शुक्रवार की सुबह पकड़ा गया इनामी अपराध कर्मी 

जमीन संबंधी विवाद किसी घटना को अंजाम देने के लिए आने सूचना पर पुलिस ने अपराधी को दबोचा 

गिरफ्तार अपराधी के पास से मैगजीन सहित नाइन एमएम का पिस्टल और 25 गोलियां बरामद 

भोजपुर के साथ अरवल और पटना पुलिस को भी थी गिरफ्तार अपराध कर्मी की तलाश 

केटी न्यूज/आरा

भोजपुर के सहार थाने की पुलिस को हत्या, लूट और डकैती सहित दर्जन भर कांडों में वांछित इनामी अपराध कर्मी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। भोजपुर, अरवल और पटना जिले के कुख्यात इनामी अपराधी को शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे सहार थाना क्षेत्र के नवादा गांव से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से नाइन एमएम का एक पिस्टल, मैगजीन और 25 गोलियां बरामद की गयी है। गिरफ्तार अपराध कर्मी सहार थाना क्षेत्र के नवादा गांव निवासी वीरेंद्र यादव का पुत्र विश्वजीत कुमार यादव उर्फ तेजू है।

पुलिस की ओर से उसके खिलाफ एक लाख का इनाम घोषित किया गया था। उसके खिलाफ भोजपुर के अलावा अरवल और पटना जिले के विभिन्न थानों में दर्जन भर केस दर्ज हैं। जमीन विवाद में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए नवादा गांव की पहुंचने की सूचना पर पुलिस द्वारा उसे गिरफ्तार किया गया है। एसपी प्रमोद कुमार यादव की ओर से शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस में यह जानकारी दी गई।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह सूचना मिली कि हत्या, लूट और डकैती सहित दर्जन भर कांडों में फरार एक लाख का इनामी अपराध कर्मी विश्वजीत कुमार यादव उर्फ तेजू हथियार के साथ नवादा गांव में पहुंचा है। वह जमीन संबंधी विवाद में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में है। उस आधार पर उसकी गिरफ्तारी और हथियार बरामदगी को थानाध्यक्ष दीपक कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गयी।

टीम तत्काल नवादा गांव पहुंची, तब पुलिस को देख अपराध कर्मी भागने लगा। हालांकि पुलिस द्वारा खदेड़ कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पिस्टल, एक मैगजीन और 25 गोली बरामद की गयी। इस मामले में उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है। एसपी ने बताया इसकी गिरफ्तार बहुत बड़ी सफलता है। छापेमारी टीम में दारोगा रजनीश कुमार, ट्रेनी दारोगा शरद कुमार और एएसआई दीपक मंडल सहित अन्य पुलिस कर्मी शामिल थे।

पिछले करीब 12 साल से अपराध में सक्रिय था तेजू, भोजपुर, अरवल और पटना में दर्जन भर केस 

सहार थाना के नवादा गांव निवासी विश्वजीत कुमार यादव उर्फ तेजू का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। 

वह भोजपुर के साथ ही पड़ोसी जिले अरवल और पटना में भी आपराधिक वारदात को अंजाम देता था। वह तीनों जिलों की पुलिस के लिए सिरदर्द बन गया था। उसके खिलाफ तीनों जिले में पटना में हत्या, डकैती, लूट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के दर्जन भर केस दर्ज है।

उसके आपराधिक रिकार्ड और फरार चलने की स्थिति में उसके खिलाफ पुलिस मुख्यालय की ओर से एक लाख का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार विश्वजीत कुमार यादव उर्फ तेज 2011 से ही अपराध में सक्रिय था। उसके खिलाफ भोजपुर के 2015 में उदवंतनगर थाना में डकैती के दो केस, नारायणपुर थाने में हत्या के एक केस, सिकरहट्टा थाने में डकैती की साजिश का

एक और चरपोखरी थाने में डकैती का एक केस दर्ज है। अजीमाबाद थाने में 2016 में डकैती, सहार में 2014 में हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट और चोरी के दो कांड दर्ज हैं। उसी तरह अरवल के रामपुर चौरम थाने में 2023 में लूट और आर्म्स एक्ट के दो, जबकि अरवल थाने में 2011 में चोरी का एक केस दर्ज है। पटना के दुल्हिन बाजार थाने में 2015 में डकैती का केस दर्ज है।