रफ्तार का कहर, चौसा में 64 वर्षीय महिला की टांग टूटी, सिस्टम पर उठे सवाल

चौसा-बक्सर मार्ग एक बार फिर बेलगाम रफ्तार का शिकार बन गया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र में दुर्गा मंदिर के पास सोमवार को तेज रफ्तार बाइक ने 64 वर्षीय उषा देवी को ऐसी टक्कर मारी कि उनका बायां पैर टूट गया। हादसा उस वक्त हुआ जब वे सड़क पार कर रही थीं। टक्कर के बाद बाइक सवार युवक खुद भी गिरा, लेकिन मामूली चोट के बावजूद मौके से बाइक लेकर फरार हो गया।

रफ्तार का कहर, चौसा में 64 वर्षीय महिला की टांग टूटी, सिस्टम पर उठे सवाल

केटी न्यूज/चौसा

चौसा-बक्सर मार्ग एक बार फिर बेलगाम रफ्तार का शिकार बन गया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र में दुर्गा मंदिर के पास सोमवार को तेज रफ्तार बाइक ने 64 वर्षीय उषा देवी को ऐसी टक्कर मारी कि उनका बायां पैर टूट गया। हादसा उस वक्त हुआ जब वे सड़क पार कर रही थीं। टक्कर के बाद बाइक सवार युवक खुद भी गिरा, लेकिन मामूली चोट के बावजूद मौके से बाइक लेकर फरार हो गया।स्थानीय लोगों की तत्परता से घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चौसा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घायल महिला नगर पंचायत क्षेत्र के निवासी रामाशंकर शर्मा की पत्नी बताई जा रही हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

लेकिन यह महज एक सड़क हादसा नहीं, बल्कि लापरवाह यातायात व्यवस्था की पोल खोलने वाली घटना है। ग्रामीणों का आरोप है कि चौसा-बक्सर मार्ग पर दोपहिया और चारपहिया वाहन बेखौफ रफ्तार से दौड़ते हैं। हैरानी की बात यह है कि इसी मार्ग पर मध्य और उच्च विद्यालय भी स्थित हैं, जहां रोज सैकड़ों छात्र-छात्राएं आवाजाही करते हैं। बावजूद इसके न तो गति नियंत्रण के उपाय हैं, न ही स्पीड ब्रेकर की व्यवस्था।ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल स्पीड ब्रेकर निर्माण और नियमित गश्ती की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि क्या हर बार किसी की हड्डी टूटने या जान जाने के बाद ही व्यवस्था जागेगी। चौसा की यह सड़क अब सुरक्षा नहीं, खतरे का पर्याय बनती जा रही है।