आरक्षण और एससी-एसटी एक्ट में बदलाव की मांग को लेकर 30 को निकलेगी न्याय पदयात्रा
जातिगत आरक्षण व्यवस्था और एससी-एसटी एक्ट में मौजूदा परिस्थितियों के अनुरूप बदलाव तथा राष्ट्रीय सवर्ण आयोग के गठन की मांग को लेकर राष्ट्रीय परशुराम परिषद की ओर से 30 सितंबर को न्याय पदयात्रा निकाली जाएगी। पदयात्रा सुबह 11 बजे ज्योति चौक से शुरू होकर कलेक्ट्रिएट तक पहुंचेगी।

__ ज्योति चौक से कलेक्ट्रिएट तक पहुंचेगा मार्च, जनसंपर्क अभियान तेज करने पर बनी रणनीति
केटी न्यूज/चौसा।
जातिगत आरक्षण व्यवस्था और एससी-एसटी एक्ट में मौजूदा परिस्थितियों के अनुरूप बदलाव तथा राष्ट्रीय सवर्ण आयोग के गठन की मांग को लेकर राष्ट्रीय परशुराम परिषद की ओर से 30 सितंबर को न्याय पदयात्रा निकाली जाएगी। पदयात्रा सुबह 11 बजे ज्योति चौक से शुरू होकर कलेक्ट्रिएट तक पहुंचेगी। इसे लेकर रविवार को पीपी रोड स्थित शिवशक्ति धर्मशाला में परिषद की जिला इकाई की बैठक आयोजित कर तैयारियों को अंतिम रूप देने की रणनीति बनाई गई।जिला अध्यक्ष दुर्गेश उपाध्याय विद्रोही की अध्यक्षता में हुई बैठक का संचालन जिला महामंत्री राहुल राय ने किया।

प्रदेश महामंत्री नंदकुमार तिवारी और प्रदेश प्रवक्ता मल्लिकार्जुन राय ने पदयात्रा के उद्देश्यों और संगठन की तैयारियों पर चर्चा की। महामंत्री अभिषेक मिश्रा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।बैठक में पदयात्रा को व्यापक बनाने के लिए पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। निर्णय लिया गया कि प्रत्येक प्रदेश और जिला पदाधिकारी कम से कम पांच लोगों को पदयात्रा में शामिल कराने का प्रयास करेगा। वहीं प्रमुख पदाधिकारियों को 20 या उससे अधिक लोगों को जोड़ने की जिम्मेदारी दी गई। संगठन की ओर से पदाधिकारियों को प्रतिदिन दो घंटे जनसंपर्क और जनजागरण अभियान चलाने को कहा गया है।

पदयात्रा के प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया और वाट्सएप समूहों का भी इस्तेमाल करने पर सहमति बनी। परिषद ने पदयात्रा में शामिल होने वाले लोगों से तिरंगा झंडा तथा मांगों से संबंधित संदेश लिखी तख्तियां लेकर पहुंचने की अपील की है।बैठक में आंदोलन प्रभारी राहुल पांडेय, सह-प्रभारी मुकुंद सनातन सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। सभी ने 30 सितंबर को प्रस्तावित न्याय पदयात्रा को सफल बनाने का संकल्प लिया।

