रघुनाथपुर से जेके सीमेंट प्लांट तक बिछेगी रेल लाइन, औद्योगिक विकास को मिलेगी नई रफ्तार
रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन को औद्योगिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में रेलवे ने कदम तेज कर दिए हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को सीनियर डीईएन-3 उत्पालकांत एवं एडीईएन बक्सर समय सिंह मीणा ने रघुनाथपुर स्टेशन और जेके सीमेंट प्लांट का संयुक्त निरीक्षण कर प्रस्तावित रेल कनेक्टिविटी परियोजना की प्रगति का जायजा लिया।

केटी न्यूज/ब्रह्मपुर
रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन को औद्योगिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में रेलवे ने कदम तेज कर दिए हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को सीनियर डीईएन-3 उत्पालकांत एवं एडीईएन बक्सर समय सिंह मीणा ने रघुनाथपुर स्टेशन और जेके सीमेंट प्लांट का संयुक्त निरीक्षण कर प्रस्तावित रेल कनेक्टिविटी परियोजना की प्रगति का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्टेशन परिसर, रेलवे ट्रैक, उपलब्ध भूमि तथा स्टेशन से सीमेंट प्लांट तक प्रस्तावित रेल मार्ग का विस्तार से अवलोकन किया। रेलवे की योजना के अनुसार रघुनाथपुर स्टेशन से करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित जेके सीमेंट प्लांट को सीधे रेलवे नेटवर्क से जोड़ने के लिए नई रेल लाइन बिछाई जाएगी।

इससे फैक्ट्री तक माल ढुलाई की प्रक्रिया अधिक सुगम, तेज और किफायती हो सकेगी।रेलवे अधिकारियों का मानना है कि परियोजना के पूरा होने के बाद भारी वाहनों के जरिए होने वाले परिवहन पर निर्भरता कम होगी। साथ ही माल परिवहन की लागत घटने से उद्योग को लाभ मिलेगा और क्षेत्र में नए निवेश की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। इससे रघुनाथपुर क्षेत्र को औद्योगिक पहचान मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होने की उम्मीद है।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और परिचालन संबंधी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की।

उन्होंने संबंधित रेलकर्मियों को स्टेशन परिसर में बेहतर साफ-सफाई, सुरक्षा और सुचारु संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और स्टेशन पर बेहतर व्यवस्था रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।रेलवे सूत्रों के अनुसार, प्रस्तावित रेल कनेक्टिविटी परियोजना को लेकर तकनीकी पहलुओं पर गंभीरता से कार्य किया जा रहा है। परियोजना को स्वीकृति मिलने के बाद रघुनाथपुर क्षेत्र में औद्योगिक विकास की रफ्तार और तेज होने की उम्मीद जताई जा रही है।

