कोईलवर तटबंध के कालीकरण व सुरक्षात्मक कार्यों का डीएम ने किया निरीक्षण, समय पर कार्य पूर्ण करने का निर्देश

जिलाधिकारी डॉ. विद्यानंद सिंह ने शनिवार को बक्सर-कोईलवर गंगा तटबंध के कि.मी. 0.00 से 51.72 तक जारी कालीकरण एवं सुरक्षात्मक कार्यों का विस्तृत स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तटबंध के कई महत्वपूर्ण हिस्सों की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया और कार्य की प्रगति पर संतोष जताते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

कोईलवर तटबंध के कालीकरण व सुरक्षात्मक कार्यों का डीएम ने किया निरीक्षण, समय पर कार्य पूर्ण करने का निर्देश

केटी न्यूज/सिमरी

जिलाधिकारी डॉ. विद्यानंद सिंह ने शनिवार को बक्सर-कोईलवर गंगा तटबंध के कि.मी. 0.00 से 51.72 तक जारी कालीकरण एवं सुरक्षात्मक कार्यों का विस्तृत स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तटबंध के कई महत्वपूर्ण हिस्सों की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया और कार्य की प्रगति पर संतोष जताते हुए आवश्यक निर्देश दिए।डीएम ने विशेष रूप से कि.मी. 13 से 16 के बीच स्थित सिमरी प्रखंड के केशोपुर गांव के निकट चल रहे मिट्टी कार्य को बारीकी से परखा।

उन्होंने कार्यरत एजेंसी और अधिकारियों से समयबद्ध ढंग से गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल बक्सर ने जिलाधिकारी को बताया कि तटबंध पर कालीकृत सड़क निर्माण के लिए आवश्यक निर्माण सामग्रियों का भंडारण किया जा रहा है और कार्य निर्धारित चरणों के अनुसार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि पूरे प्रोजेक्ट की निर्धारित समाप्ति अवधि 18 माह तय की गई है।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि यह कार्य जनसुरक्षा और बाढ़ नियंत्रण के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए किसी भी परिस्थिति में इसमें देरी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कार्यपालक अभियंता को समयसीमा के भीतर सभी निर्माण कार्यों को पूर्ण करने तथा गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कमी न आने देने का आदेश दिया।डीएम ने कहा कि तटबंध का मजबूत और सुरक्षित होना बक्सर जिले के हजारों लोगों के जीवन और संपत्ति से सीधे जुड़ा हुआ है। ऐसे में विभागीय अधिकारियों को नियमित निगरानी और तेज गति से कार्य निष्पादन सुनिश्चित करना चाहिए, ताकि आगामी बाढ़ मौसम से पहले तटबंध पूरी तरह मजबूत स्थिति में तैयार हो सके।