वार्ता के बाद थमा चौसा थर्मल प्लांट विवाद, मृतक मजदूर के परिजनों को 22.78 लाख मुआवजा

चौसा थर्मल पावर प्लांट में ड्यूटी के दौरान एक मजदूर की मौत के बाद मुआवजे की मांग को लेकर शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन देर रात कंपनी प्रबंधन और प्रशासन के हस्तक्षेप से समाप्त हो गया। करीब पांच घंटे तक प्लांट के मुख्य प्रवेश द्वार और चौसा-कोचस मार्ग पर जाम लगाए बैठे परिजन एवं ग्रामीण तब शांत हुए, जब कंपनी ने नियमानुसार मुआवजा देने के साथ अन्य आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का लिखित आश्वासन दिया।

वार्ता के बाद थमा चौसा थर्मल प्लांट विवाद, मृतक मजदूर के परिजनों को 22.78 लाख मुआवजा

__ पेंशन, पीएफ और सरकारी सहायता का भी मिला आश्वासन, पांच घंटे बाद समाप्त हुआ सड़क जाम

चौसा/केटी न्यूज

चौसा थर्मल पावर प्लांट में ड्यूटी के दौरान एक मजदूर की मौत के बाद मुआवजे की मांग को लेकर शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन देर रात कंपनी प्रबंधन और प्रशासन के हस्तक्षेप से समाप्त हो गया। करीब पांच घंटे तक प्लांट के मुख्य प्रवेश द्वार और चौसा-कोचस मार्ग पर जाम लगाए बैठे परिजन एवं ग्रामीण तब शांत हुए, जब कंपनी ने नियमानुसार मुआवजा देने के साथ अन्य आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और यातायात भी सामान्य हो गया।वार्ता के दौरान कंपनी प्रबंधन ने मृतक मजदूर शुभम कुमार के परिजनों को 22 लाख 78 हजार रुपये मुआवजा देने की घोषणा की। इसके साथ ही मृतक के माता-पिता को 9-9 हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन, कर्मचारी भविष्य निधि (पीएफ) की राशि तथा सरकारी आपदा राहत योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता दिलाने का भी भरोसा दिया गया।

अंतिम संस्कार के लिए तत्काल 50 हजार रुपये नकद भी उपलब्ध कराए गए, जिसके बाद परिजन धरना समाप्त करने पर सहमत हुए।घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी रही। मजदूर यूनियन, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कई दौर की वार्ता चली। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजपुर एवं मुफस्सिल थाना पुलिस के साथ सीआईएसएफ के जवान भी पूरे समय तैनात रहे। वार्ता में अभिमन्यु सिंह कुशवाहा, पूर्व मुखिया सतेंद्र सिंह, संजय सिंह सहित कई स्थानीय प्रतिनिधियों ने भाग लिया। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक इस मामले में किसी प्रकार की प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई थी।गौरतलब है कि राजपुर थाना क्षेत्र के देवढ़िया गांव निवासी 22 वर्षीय शुभम कुमार सिंह पिछले करीब एक वर्ष से चौसा थर्मल पावर प्लांट के सिविल विभाग में कार्यरत थे।

गुरुवार को ड्यूटी के दौरान उन्हें प्लांट परिसर स्थित पानी स्टोरेज पोखरे में जलस्तर मापने के लिए भेजा गया था। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में गिर पड़े। मौके पर मौजूद कर्मियों ने उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन डूबने से उनकी मौत हो गई।शुभम अविवाहित थे और परिवार के भरण-पोषण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे तथा मुआवजे और उचित कार्रवाई की मांग को लेकर प्लांट के मुख्य गेट तथा बक्सर-रोहतास मार्ग को जाम कर दिया। जाम के कारण कई घंटे तक यातायात बाधित रहा। देर रात कंपनी की ओर से आर्थिक सहायता और अन्य सुविधाओं का आश्वासन मिलने के बाद मामला शांत हुआ और आवागमन बहाल कराया गया।