नचाप डाकघर में लापरवाही पर गिरी गाज, पोस्ट मास्टर और डाकिया पर कार्रवाई

नचाप डाकघर में सैकड़ों आधार कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण कागजात खुले में बिखरे मिलने तथा डाकघर के अनियमित संचालन के मामले में डाक विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग ने लापरवाही के आरोपों से घिरे पोस्ट मास्टर और डाकिया को पुट अप किया है।

नचाप डाकघर में लापरवाही पर गिरी गाज, पोस्ट मास्टर और डाकिया पर कार्रवाई

__ आधार कार्ड खुले में मिलने के मामले में विभाग सख्त, जितेंद्र कुमार को मिली डाकघर की कमान; कार्रवाई से उपभोक्ताओं ने ली राहत की सांस

केटी न्यूज/चौगाईं।

नचाप डाकघर में सैकड़ों आधार कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण कागजात खुले में बिखरे मिलने तथा डाकघर के अनियमित संचालन के मामले में डाक विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग ने लापरवाही के आरोपों से घिरे पोस्ट मास्टर और डाकिया को पुट अप किया है। वहीं, डाकघर के सुचारु संचालन की जिम्मेदारी जितेंद्र कुमार को सौंपते हुए उन्हें नया पोस्ट मास्टर बनाया गया है। इसकी जानकारी डाक अधीक्षक सुनील कुमार ने दी है।डाकघर की बदहाल व्यवस्था और आधार कार्ड जैसे संवेदनशील दस्तावेजों की लापरवाही से रखरखाव का मामला सामने आने के बाद विभाग हरकत में आया था। गुरुवार को डाक निरीक्षक डुमरांव रंजीत कुमार ने नचाप पहुंचकर पूरे दिन मामले की जांच की थी। इस दौरान पोस्ट मास्टर और डाकिया से अलग-अलग पूछताछ की गई थी। साथ ही ग्रामीणों से भी डाकघर के नियमित संचालन को लेकर जानकारी ली गई थी।

जांच के दौरान कर्मियों के बयानों में विरोधाभास सामने आने की बात कही गई थी। शुरुआत में दोनों कर्मियों ने बरामदे में मिले आधार कार्ड और अन्य कागजात को डाकघर का होने से इनकार किया था। बाद में डाकिया ने स्वीकार किया कि वह सभी कागजात अपने बैग में भरकर ले गया था। ग्रामीणों ने भी जांच के दौरान डाकघर के नियमित रूप से नहीं खुलने की शिकायत की थी।अब विभागीय स्तर पर कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ने और नए पोस्ट मास्टर की नियुक्ति से उपभोक्ताओं में राहत है। लंबे समय से डाकघर के अनियमित संचालन से परेशान लोगों को उम्मीद है कि नई व्यवस्था में उनके काम समय पर होंगे और महत्वपूर्ण दस्तावेजों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।

__ कार्रवाई पर टिकी निगाहें

लापरवाह कर्मियों पर विभागीय कार्रवाई की पहल से उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली है। हालांकि, लोगों की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि जांच में सामने आई अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार कर्मियों पर आगे क्या कार्रवाई होती है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि विभाग केवल पदस्थापन बदलने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि डाकघर की व्यवस्था में स्थायी सुधार भी सुनिश्चित करेगा।