सोशल मीडिया पोस्ट पर बढ़ा सियासी ताप, विधायक समर्थक की शिकायत पर केस दर्ज
सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट को लेकर डुमरांव में राजनीतिक हलकों का माहौल गरमा गया है। स्थानीय विधायक राहुल कुमार सिंह के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के मामले में नया भोजपुर थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायत विधायक के करीबी सहयोगी मोनू कुमार सिंह की ओर से दर्ज कराई गई है।

केटी न्यूज/डुमरांव
सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट को लेकर डुमरांव में राजनीतिक हलकों का माहौल गरमा गया है। स्थानीय विधायक राहुल कुमार सिंह के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के मामले में नया भोजपुर थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायत विधायक के करीबी सहयोगी मोनू कुमार सिंह की ओर से दर्ज कराई गई है।दर्ज आवेदन के अनुसार, नावाडेरा निवासी सुरेंद्र कुमार ने 11 जून को फेसबुक और इंस्टाग्राम पर ऐसी टिप्पणियां पोस्ट कीं, जिन्हें विधायक की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला और सार्वजनिक मर्यादा के विपरीत बताया गया है।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि सोशल मीडिया पर इस्तेमाल की गई भाषा न केवल अभद्र और अपमानजनक है, बल्कि इससे समाज में अनावश्यक तनाव और वैमनस्य का माहौल भी पैदा हो सकता है।मोनू कुमार सिंह ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा है कि जनप्रतिनिधियों के खिलाफ इस प्रकार की सार्वजनिक टिप्पणियां लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि संबंधित पोस्ट के स्क्रीनशॉट साक्ष्य के तौर पर सुरक्षित रखे गए हैं, जिन्हें जांच के लिए पुलिस को उपलब्ध कराया गया है।मामले को गंभीरता से लेते हुए नया भोजपुर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पोस्ट और उससे जुड़े साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच के दौरान यह देखा जाएगा कि पोस्ट में प्रयुक्त शब्द और सामग्री कानूनी दृष्टि से आपत्तिजनक अथवा मानहानिकारक की श्रेणी में आते हैं या नहीं।पुलिस का कहना है कि तकनीकी और कानूनी पहलुओं की पड़ताल के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। इधर, प्राथमिकी दर्ज होने के बाद यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है और लोगों की नजर अब पुलिस जांच के निष्कर्ष पर टिकी हुई है।

