सोनवर्षा में रोमांचक फुटबॉल मुकाबला, पटना ने मऊ को 3-2 से हराकर जीती शील्ड
सोनवर्षा खेल मैदान में बुधवार को आयोजित एक दिवसीय फुटबॉल मैच में खेलप्रेमियों को रोमांच से भर देने वाला मुकाबला देखने को मिला। बिहार की पटना टीम और उत्तर प्रदेश की मऊ टीम के बीच खेले गए इस मैच में पटना ने 3-2 से जीत दर्ज कर शील्ड पर कब्जा जमा लिया।
केटी न्यूज/नावानगर।
सोनवर्षा खेल मैदान में बुधवार को आयोजित एक दिवसीय फुटबॉल मैच में खेलप्रेमियों को रोमांच से भर देने वाला मुकाबला देखने को मिला। बिहार की पटना टीम और उत्तर प्रदेश की मऊ टीम के बीच खेले गए इस मैच में पटना ने 3-2 से जीत दर्ज कर शील्ड पर कब्जा जमा लिया। कार्यक्रम का उद्घाटन पाटलिपुत्र ग्रुप के सीएमडी अनील कुमार, राजद नेता श्रीकांत यादव, अमरावती पेट्रोल पंप संचालक अमर सिंह, द एमिटी स्कूल के डायरेक्टर अमरेन्द्र राजेश एवं जिला परिषद सदस्य राजीव कुमार उर्फ राजू यादव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

आयोजन फुटबॉल क्लब सोनवर्षा द्वारा किया गया था। मैच की शुरुआत से ही पटना की टीम आक्रामक अंदाज में नजर आई। हाफ टाइम से पहले पटना ने दो शानदार गोल दागकर 2-0 की बढ़त बना ली। हालांकि, हाफ टाइम के बाद मऊ की टीम ने दमदार वापसी करते हुए महज दस मिनट के अंतराल में लगातार दो गोल कर मुकाबले को 2-2 की बराबरी पर ला खड़ा किया। दर्शकों की धड़कनें बढ़ाने वाले इस मुकाबले का फैसला अंतिम क्षणों में हुआ, जब पटना के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल का प्रदर्शन करते हुए निर्णायक गोल दाग दिया और 3-2 से जीत सुनिश्चित कर ली।

बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को समिति एवं अतिथियों द्वारा नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही आगंतुकों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष कलामुद्दीन उर्फ बकत मियां, व्यवस्थापक बालजीत पटेल, परशुराम सिंह, मंटू पटेल, मृत्युंजय ओझा, कलाम मियां, बाबुद्दीन, शिक्षक सुनील कुमार और संजय पटेल का सराहनीय योगदान रहा। मैच के दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रीय खेलप्रेमी उपस्थित थे।

