गांव की ‘गुड़िया’ बनी गोल्डन गर्ल: तियरा में बेटी के सम्मान में उमड़ा जनसैलाब

राजपुर प्रखंड के तियरा गांव में सोमवार को ऐसा दृश्य देखने को मिला, मानो किसी पर्व का आयोजन हो। अवसर था साउथ एशिया कॉम्बैट कुश्ती चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर लौटी पंचरत्न उर्फ गुड़िया कुमारी के अभिनंदन समारोह का। रविदास मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में गांव की इस बेटी के स्वागत के लिए सैकड़ों महिला, पुरुष और छात्र-छात्राएं जुटे और पूरे उत्साह के साथ फूल-मालाओं व मोमेंटो से उनका सम्मान किया।

गांव की ‘गुड़िया’ बनी गोल्डन गर्ल: तियरा में बेटी के सम्मान में उमड़ा जनसैलाब

केटी न्यूज/राजपुर

राजपुर प्रखंड के तियरा गांव में सोमवार को ऐसा दृश्य देखने को मिला, मानो किसी पर्व का आयोजन हो। अवसर था साउथ एशिया कॉम्बैट कुश्ती चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर लौटी पंचरत्न उर्फ गुड़िया कुमारी के अभिनंदन समारोह का। रविदास मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में गांव की इस बेटी के स्वागत के लिए सैकड़ों महिला, पुरुष और छात्र-छात्राएं जुटे और पूरे उत्साह के साथ फूल-मालाओं व मोमेंटो से उनका सम्मान किया।समारोह की अध्यक्षता बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के अरविंद राम ने की।

कार्यक्रम की शुरुआत गुड़िया कुमारी द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। उन्होंने बाबा साहब के आदर्शों को याद करते हुए कहा कि शिक्षा और संघर्ष ही सफलता की असली कुंजी है।अपने संबोधन में गोल्ड मेडलिस्ट खिलाड़ी ने कहा कि खेल अब उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुका है। उन्होंने क्षेत्र की बालिकाओं को संदेश दिया कि वे पढ़ाई के साथ-साथ खेल में भी सक्रिय भागीदारी करें। उन्होंने कहा कि सरकार भी खिलाड़ियों को सहयोग दे रही है, ऐसे में छात्र-छात्राओं को आगे बढ़कर अवसरों का लाभ उठाना चाहिए।वक्ताओं ने गुड़िया की उपलब्धि को गांव और जिले के लिए गौरव का क्षण बताया।

उन्होंने कहा कि कुश्ती जैसे चुनौतीपूर्ण खेल में स्वर्ण पदक जीतना आसान नहीं होता, लेकिन गांव की इस बेटी ने कठिन परिश्रम और लगन से इसे संभव कर दिखाया है। यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र के आत्मविश्वास को नई ऊर्जा देती है।समारोह में सरस्वती बौद्ध, बसपा नेता लालजी राम, सरोज साधु, सैनिक संघ अध्यक्ष चंद्रजीत सिंह, डायरेक्टर हाकीम प्रसाद, एसएन पांडेय, बृजराज शर्मा, कमलेश राय, विजय सिंह, मारकंडेय कुमार, ललन राम, प्रमोद राम सहित कई गणमान्य लोगों ने भी उन्हें सम्मानित किया।तियरा की यह ‘गोल्डन गर्ल’ अब सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा का प्रतीक बन चुकी है।