एमपी हाई स्कूल का डीएम ने किया निरीक्षण, अटल टिंकरिंग लैब के प्रभावी उपयोग पर दिया जोर
जिलाधिकारी साहिला ने शनिवार को एमपी हाई स्कूल सह मॉडल स्कूल का औचक निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, आधारभूत संरचना और उपलब्ध संसाधनों का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षाओं में चल रही पढ़ाई, विद्यार्थियों की उपस्थिति, परिसर की साफ-सफाई तथा शिक्षण व्यवस्था का विस्तृत अवलोकन किया।

__ शैक्षणिक गुणवत्ता, स्वच्छता व भवन मरम्मत को लेकर दिए आवश्यक निर्देश
केटी न्यूज/बक्सर
जिलाधिकारी साहिला ने शनिवार को एमपी हाई स्कूल सह मॉडल स्कूल का औचक निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, आधारभूत संरचना और उपलब्ध संसाधनों का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षाओं में चल रही पढ़ाई, विद्यार्थियों की उपस्थिति, परिसर की साफ-सफाई तथा शिक्षण व्यवस्था का विस्तृत अवलोकन किया।निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने विशेष रूप से विद्यालय में स्थापित अटल टिंकरिंग लैब का अवलोकन किया और इसके प्रभावी उपयोग पर जोर दिया।

उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया कि इस लैब के माध्यम से छात्रों में नवाचार, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और रचनात्मकता को बढ़ावा देने के लिए नियमित रूप से गतिविधियों का आयोजन सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान तक सीमित न रखकर उन्हें प्रयोगात्मक और प्रायोगिक शिक्षा से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है।इस दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय भवन की स्थिति का भी निरीक्षण किया। कुछ स्थानों पर मरम्मत की आवश्यकता को देखते हुए उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को शीघ्र आवश्यक अनुरक्षण कार्य कराने का निर्देश दिया, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण मिल सके।

जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रशासन को साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने, शैक्षणिक गुणवत्ता में निरंतर सुधार करने तथा उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने की बात कही।यह निरीक्षण जिला प्रशासन की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा विद्यालयों में नवाचार को प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। जिलाधिकारी के इस पहल से विद्यालय में शिक्षण व्यवस्था और बेहतर होने की उम्मीद जताई जा रही है।

