सोनपा में आग का कहर: पलभर में राख हुई 7 झोपड़ियां, तीन परिवार सड़क पर

चौसा अंचल के सोनपा गांव में रविवार को लगी भीषण आग ने ऐसा तांडव मचाया कि देखते ही देखते तीन परिवारों की सात झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। इस हादसे में हजारों रुपये नगद, अनाज, कपड़े समेत लाखों की संपत्ति पलभर में खाक हो गई, जिससे पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं।

सोनपा में आग का कहर: पलभर में राख हुई 7 झोपड़ियां, तीन परिवार सड़क पर

केटी न्यूज/चौसा

चौसा अंचल के सोनपा गांव में रविवार को लगी भीषण आग ने ऐसा तांडव मचाया कि देखते ही देखते तीन परिवारों की सात झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। इस हादसे में हजारों रुपये नगद, अनाज, कपड़े समेत लाखों की संपत्ति पलभर में खाक हो गई, जिससे पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की शुरुआत अचानक हुई और कुछ ही मिनटों में उसने विकराल रूप धारण कर लिया। मुखराम राजभर, तेजु राजभर और बोरसी देवी के झोपड़ीनुमा घर इसकी चपेट में आ गए। तेज हवा और ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैलती गई, जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।

ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की भरसक कोशिश की, लेकिन लपटों के आगे उनकी एक न चली। सूचना मिलने पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ जलकर नष्ट हो चुका था।पीड़ितों के अनुसार, मुखराम राजभर के घर से करीब 15 हजार रुपये नगद, अनाज व कपड़े जल गए, जबकि बोरसी देवी के यहां से 8 हजार रुपये समेत सारा सामान खाक हो गया। तेजु राजभर को भी भारी नुकसान उठाना पड़ा है।घटना की सूचना प्रशासन को दे दी गई है। पीड़ित परिवारों ने तत्काल राहत और मुआवजे की मांग की है, जबकि आग लगने के कारणों की जांच जारी है।