छह दिन बाद मंदिर परिसर से मिला लापता किशोर, अपहरण की आशंका निकली गलत

ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के योगिया पंचायत से रहस्यमयी ढंग से लापता हुए किशोर को पुलिस ने छह दिन बाद सकुशल बरामद कर लिया। किशोर के गायब होने के बाद परिजनों में भय और चिंता का माहौल था। परिवार की ओर से अपहरण की आशंका जताए जाने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की थी। हालांकि पुलिस की पूछताछ में मामला पूरी तरह अलग निकला।

छह दिन बाद मंदिर परिसर से मिला लापता किशोर, अपहरण की आशंका निकली गलत

केटी न्यूज/ब्रह्मपुर

ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के योगिया पंचायत से रहस्यमयी ढंग से लापता हुए किशोर को पुलिस ने छह दिन बाद सकुशल बरामद कर लिया। किशोर के गायब होने के बाद परिजनों में भय और चिंता का माहौल था। परिवार की ओर से अपहरण की आशंका जताए जाने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की थी। हालांकि पुलिस की पूछताछ में मामला पूरी तरह अलग निकला।जानकारी के अनुसार, योगिया पंचायत निवासी तार बाबू पासवान का पुत्र विकास कुमार बीते 12 जून को घर से कृष्णाब्रह्म बाजार जाने की बात कहकर निकला था। देर शाम तक जब वह घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों की चिंता बढ़ गई।

काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिवार ने पुलिस को सूचना दी।परिजनों ने गांव में कुछ लोगों के साथ हुए विवाद को लेकर आशंका जताई थी कि रंजिश के कारण किशोर का अपहरण कर लिया गया है। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी और किशोर की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी और पूछताछ शुरू की।ब्रह्मपुर थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए किशोर को बिहिया स्थित महथिन माई मंदिर परिसर से बरामद कर लिया।

पुलिस पूछताछ में किशोर ने बताया कि वह घर में किसी बात को लेकर नाराज हो गया था और गुस्से में खुद ही घर छोड़कर मंदिर चला गया था। उसने बताया कि वह पिछले छह दिनों से मंदिर परिसर में रह रहा था और इस दौरान उसने किसी से संपर्क नहीं किया।किशोर ने पुलिस को स्पष्ट बताया कि उसके साथ किसी तरह की घटना नहीं हुई है और वह अपनी इच्छा से घर से निकला था। इसके बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित परिजनों को सौंप दिया।थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार ने बताया कि किशोर के बयान के आधार पर अपहरण की आशंका गलत पाई गई है। पुलिस ने मामले की जांच पूरी कर ली है।