क्लिनिक फायरिंग मामले में दोनों पक्षों से प्राथमिकी, पुलिस जांच में जुटी

मुरार थाना क्षेत्र के बीरपुर गांव स्थित निजी क्लिनिक में ग्रामीण चिकित्सक पर फायरिंग के प्रयास के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

क्लिनिक फायरिंग मामले में दोनों पक्षों से प्राथमिकी, पुलिस जांच में जुटी

केटी न्यूज/डुमरांव

मुरार थाना क्षेत्र के बीरपुर गांव स्थित निजी क्लिनिक में ग्रामीण चिकित्सक पर फायरिंग के प्रयास के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। मुरार थानाध्यक्ष नेहा कुमारी ने दोनों तरफ से एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि की है।जानकारी के अनुसार बेलहरी गांव निवासी ग्रामीण चिकित्सक मो. अशरफ उर्फ तेजू अंसारी ने बीरपुर निवासी सूरज कुमार पर क्लिनिक में घुसकर जानलेवा हमला करने और पिस्तौल से फायरिंग का प्रयास करने का आरोप लगाया है।

चिकित्सक का कहना है कि शुक्रवार को दिन में इलाज के दौरान युवक क्लिनिक पहुंचा और अचानक पिस्तौल निकालकर गोली चलाने की कोशिश की। हालांकि गोली मिसफायर हो गई, जिससे उनकी जान बच गई। घटना के दौरान हुई हाथापाई में आरोपित युवक मौके से भाग निकला, लेकिन उसकी पिस्तौल की भरी हुई मैगजीन क्लिनिक में ही गिर गई। पुलिस ने घटनास्थल से जिंदा कारतूस सहित मैगजीन बरामद की थी।वहीं दूसरे पक्ष से सूरज कुमार की मां रेखा देवी ने प्राथमिकी दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि उनके बेटे को साजिश के तहत इस मामले में फंसाया जा रहा है। उन्होंने पुलिस को दिए आवेदन में कहा है कि घटना को लेकर उनके परिवार को जानबूझकर बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।

घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की गंभीरता से जांच कर रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, बरामद मैगजीन तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं फरार बताए जा रहे युवक की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी जारी है।