लू का कहर: बुजुर्ग महिला और युवक समेत चार की मौत, तीन को लू लगने की आशंका

लू का कहर:  बुजुर्ग महिला और युवक समेत चार की मौत, तीन को लू लगने की आशंका

सिकरहट्टा, कोईलवर, नगर और उदवंतनगर थाना क्षेत्र में हुई मौत

तीन मृतकों की नहीं हो सकी है पहचान, पोस्टमार्टम के बाद छानबीन में जुटी पुलिस 

मानसून की आहट के बीच पूरे भोजपुर में हीट बेव चल रहा है। आसमान से आग बरस रही है। गर्म पछुआ हवा के थपेड़ों से लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। इस बीच गुरुवार को बुजुर्ग महिला और युवक समेत चार लोगों की मौत हो गयी। इनमें तीन की लू लगने से मौत की आशंका जताई जा रही है। पुलिस की मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट में भी तीन की लू लगने से मौत की आशंका जताई गयी है। मौत की ये घटनाएं सिकरहट्टा, टाउन, कोईलवर और उदवंतनगर थाना क्षेत्र में हुई हैं। मरने वालों में तीन की पहचान भी नहीं हो सकी है। इधर, एक दिन चार लोगों की मौत से पूरे जिले में सनसनी मची है। पुलिस शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद मामले की छानबीन और मृतकों की पहचान में जुट गयी है। 

मायके जाने के लिए घर से निकली बुजुर्ग महिला की रास्ते में गयी जान 

सिकरहट्टा थाने के चकिया नहर के पास खेत से गुरुवार की सुबह मिला शव

लू-लगने के कारण मौत होने की जताई जा रही आशंका 

आरा। भोजपुर में मायके जाने के लिए घर से निकली एक बुजुर्ग महिला की रास्ते में मौत हो गयी। उसका शव गुरुवार की सुबह सिकरहट्टा थाना क्षेत्र के चकिया गांव स्थित नहर के पास खेत से बरामद किया गया। मृत महिला पीरो थाना क्षेत्र के सारोपुर गांव निवासी शिवपूजन सिंह की 58 वर्षीया पत्नी शांति देवी थी। वह बुधवार को मायके जाने के लिए अपने घर से निकली थी। मौके पर देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गयी। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और शव का पोस्टमार्टम करवाया। इधर, महिला के बेटे अनिल कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह नौ बजे वह घर से अपने मायके सिकरहट्टा थाना क्षेत्र के चकिया गांव जाने के लिए निकली थी। शाम तक लौट आने की बात कह घर से निकली थी। देर शाम तक वह घर नहीं लौटी, तो चकिया गांव स्थित अपने रिश्तेदार के यहां फोन कर जानकारी ली गयी। तब रिश्तेदारों द्वारा बताया गया कि वह नहीं पहुंची हैं। उसके बाद काफी खोजबीन की गयी। अन्य रिश्तेदारों के घर भी फोन किया गया, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे स्थानीय लोगों द्वारा सूचना मिली कि चकिया गांव के पास खेत में एक बुजुर्ग महिला का शव पड़ा है। तब वे लोग घटनास्थल पर पहुंचे और उनकी पहचान की गई।  उनके पुत्र का कहना कि मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। वहीं पुलिस की मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट में लू-लगने के कारण मौत होने की आशंका जताई गयी है। हालांकि पुलिस का कहना है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगा। बताया जाता है कि महिला को तीन पुत्री अंजू देवी, पिंकी देवी व कमला देवी और एक पुत्र अनिल कुमार सिंह हैं। घटना के बाद महिला के घर में कोहराम मच गया। 

महिला थाना के समीप मिला युवक का शव, पहचान नहीं 

आरा। टाउन थाना क्षेत्र के पुरानी पुलिस लाइन स्थित महिला थाना के सामने से गुरुवार की सुबह एक युवक का शव बरामद किया गया। उसकी पहचान नहीं हो सकी है। युवक की उम्र 35 वर्ष के करीब बतायी जा रही है। सूचना मिलने पर टाउन थाना की पुलिस पहुंची और शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। पुलिस द्वारा लू लगने के कारण युवक की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस की मानें तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस 

शव की पहचान और मामले की छानबीन में जुट गई है। 

तेतरिया के पास रेल लाइन के किनारे मिला युवक का शव 

आरा। उदवंतनगर थाना क्षेत्र के तेतरिया गांव स्थित रेलवे लाइन के समीप गुरुवार की सुबह एक युवक का शव बरामद किया गया। उसकी भी पहचान नहीं हो सकी है। हालांकि उसकी उम्र 40 साल आंकी जा रही है। शव मिलने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। युवक की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और युवक की पहचान होने के बाद ही मौत का कारण क्लीयर हो सकेगा।

आरा-छपरा फोरलेन किनारे मिला बुजुर्ग का शव 

आरा। आरा-छपरा फोरलेन पर कोईलवर थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव के समीप एक बुजुर्ग की मौत हो गयी। उसका शव गुरुवार सुबह दौलतपुर स्थित एक मड़ई के समीप पेड़ के नीचे से बरामद हुआ। हालांकि 60 वर्षीय बुजुर्ग की पहचान नहीं हो सकी है। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद बुजुर्ग की पहचान और मामले की छानबीन शुरू कर दी। वैसे पुलिस लू लगने के कारण बुजुर्ग की मौत होने की आशंका जता रही है।