मलेशिया में हुई डुमराव के काम कर की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

मलेशिया में हुई डुमराव के काम कर की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

पिछले साल अक्टूबर में मलेशिया गया था कसिया का 21 वर्षीय सुशील साह 

दो दिन बाद भी परिजनों को जानकारी नहीं दिए कंपनी वाले

केटी न्यूज/डुमरांव

डुमरांव अनुमंडल क्षेत्र के एक कामगर की मलेशिया में मौत हो गई है। मृतक स्थानीय थाना क्षेत्र के कसिया गांव के भिखारी शाह का 21 वर्षीय पुत्र सुशील साह है। जानकारी के अनुसार वह अक्टूबर 2022 में परिवार की माली हालत सुधारने तथा बहनों की शादी के उद्देश्य से सात समंदर पार मलेशिया गया था। 12 जून को काम के दौरान ही उसे बुखार आया, तब कंपनी वाले उसे इलाज के लिए लेकर कोला पीला अस्पताल गए। इलाज के दौरान ही 13 जून को भारतीय समय अनुसार अल सुबह तीन बजे उसकी मौत हो गई। वहां रह रहे गांव के अन्य युवकों ने मृतक के घर फोन कर इस मनहूस घटना की जानकारी दी तथा अस्पताल में उसके इलाजरत रहने के दौरान की फोटो भेजी। इस खबर के मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है। उनका रो रो कर बुरा हाल है। परिजनों को सबसे अधिक दुख इस बात का है कि मौत के बाद भी वे अपने लाडले का अंतिम दर्शन नहीं कर पा रहे हैं। कंपनी वाले शव भेजने की बात तो दूर उसके परिवार को फोन कर घटना की जानकारी भी देना मुनासिब नहीं समझे हैं। परिवारिक सूत्रों की माने तो मलेशिया से उसका शव भेजने की कोशिश भी कंपनी वाले नहीं कर रहे हैं। इधर शव नहीं आने से परिजनों की चिंता बढ़ गई है। पिछले 2 दिनों से पूरे परिवार में चूल्हा नहीं जला है। मृतक के पिता ने बताया कि वह बड़े अरमान लेकर महज 21 वर्ष की उम्र में मलेशिया गया था, लेकिन उसकी मौत के साथ ही अरमान भी धूमिल हो गए हैं। पंचायत के पूर्व सरपंच रमेश चंद्र राय ने बताया कि शव को मलेशिया से भारत लाने के लिए भारतीय दूतावास को मेल किया गया है। लेकिन अभी तक कहीं से कोई सार्थक जवाब नहीं मिला है।

चार बहनों और दो भाइयों में दूसरे नंबर पर था मृतक

मृतक चार बहनों और दो भाइयों में दूसरे नंबर पर था। इससे बड़ी एक बहन की शादी हो चुकी है। जबकि तीन बहनो की अभी शादी करना बाकी है। जबकि उसका छोटा भाई विरंजन साह मात्र 14 साल का है। इस घटना के बाद से मृतक की मां मालती देवी, पिता भिखारी साह तथा भाई बहनों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।