अतिमी में किसान महापंचायत चौपाल आयोजित, किसानों ने उठाई एम एस पी, खाद और सिंचाई की मांग
डुमरांव विधानसभा क्षेत्र के नवानगर प्रखंड अंतर्गत अतिमी गांव में रविवार को अन्नदाता का सम्मान और अधिकार विषय पर किसान महापंचायत चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजद के नवानगर प्रखंड अध्यक्ष रामप्रवेश सिंह ने की, जबकि संचालन गोरख पासवान ने किया।


केटी न्यूज/केसठ/नवानगर।
डुमरांव विधानसभा क्षेत्र के नवानगर प्रखंड अंतर्गत अतिमी गांव में रविवार को अन्नदाता का सम्मान और अधिकार विषय पर किसान महापंचायत चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजद के नवानगर प्रखंड अध्यक्ष रामप्रवेश सिंह ने की, जबकि संचालन गोरख पासवान ने किया। महापंचायत में बड़ी संख्या में किसान, जीविका दीदियां, ग्रामीण और किसान संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद सुधाकर सिंह ने किसानों की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि आज किसान सिर्फ खेतों में मेहनत करने तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने अधिकारों के लिए आवाज बुलंद करना भी जानता है।

उन्होंने कहा कि देश का अन्नदाता आज एमएसपी, खाद-बीज और फसलों के उचित दाम के लिए संघर्ष करने को मजबूर है।सांसद ने कहा कि बढ़ती लागत के मुकाबले किसानों को फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। समय पर यूरिया, डीएपी और उत्तम बीज उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने सिंचाई और निर्बाध बिजली व्यवस्था को खेती के लिए जरूरी बताते हुए कहा कि गांवों से युवाओं का पलायन रोकने के लिए खेती को लाभकारी बनाना होगा।इस दौरान डुमरांव विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी सुनील कुमार सिंह उर्फ पप्पू यादव ने कहा कि किसान सिर्फ खेती तक सीमित नहीं रहना चाहता, बल्कि वह अपने बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाकर समाज और खेती दोनों को नई दिशा देना चाहता है।

उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा और युवाओं के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।महापंचायत में वक्ताओं ने किसानों से जाति और दलबंदी से ऊपर उठकर एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसान अपने पसीने की सही कीमत और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की मांग कर रहा है। सभा में किसानों ने किसान एकता जिंदाबाद और जय जवान, जय किसान के नारे लगाए।कार्यक्रम में शारदा यादव, सुनील सिंह, संतोष भारती, नागेंद्र सिंह, अवधेश यादव, जंगली यादव, सत्येंद्र सिंह, विशाल कुमार, ललन सिंह, धर्मदेव सिंह, अजमेरी खां सहित कई लोग मौजूद रहे।

