डुमरांव के कई फीडरों में शुक्रवार को रहेगा पांच घंटों का शटडाउन
डुमरांव शहर और आसपास के इलाकों में बिजली व्यवस्था को अधिक भरोसेमंद और सुचारू बनाने के लिए शुक्रवार को व्यापक तकनीकी सुधार अभियान चलाया जाएगा। विद्युत विभाग ने बताया कि 33/11 केवी पावर सब स्टेशन डुमरांव से जुड़े कई प्रमुख फीडरों पर मरम्मत और लाइन सुधार कार्य होने के कारण करीब पांच घंटे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।


केटी न्यूज/डुमरांव
डुमरांव शहर और आसपास के इलाकों में बिजली व्यवस्था को अधिक भरोसेमंद और सुचारू बनाने के लिए शुक्रवार को व्यापक तकनीकी सुधार अभियान चलाया जाएगा। विद्युत विभाग ने बताया कि 33/11 केवी पावर सब स्टेशन डुमरांव से जुड़े कई प्रमुख फीडरों पर मरम्मत और लाइन सुधार कार्य होने के कारण करीब पांच घंटे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। विभाग के अनुसार सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक अलग-अलग क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित रहेगी।जिन फीडरों में शटडाउन लिया जाएगा उनमें डुमरांव टाउन, टेक्सटाइल, भोजपुर, बरूना और रूरल फीडर शामिल हैं। इन फीडरों से जुड़े मोहल्लों और गांवों के उपभोक्ताओं को निर्धारित अवधि में बिजली नहीं मिलेगी।

विभाग का कहना है कि लंबे समय से लाइन में आ रही तकनीकी समस्याओं, वोल्टेज उतार-चढ़ाव और बार-बार ट्रिपिंग की शिकायतों को देखते हुए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।विद्युत विभाग की एमारटी टीम पूरे दिन लाइन, उपकरण और अन्य तकनीकी खामियों को दुरुस्त करने का काम करेगी। अधिकारियों के मुताबिक इस कार्य के पूरा होने के बाद उपभोक्ताओं को अधिक स्थिर और बेहतर बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा। खासकर गर्मी के मौसम में बढ़ती बिजली खपत को देखते हुए यह सुधार कार्य जरूरी माना जा रहा है।

कनीय विद्युत अभियंता मो. इम्तियाज ने बताया कि विभाग की कोशिश तय समय के भीतर काम पूरा कर जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल करने की है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बिजली कटौती को देखते हुए जरूरी घरेलू और व्यावसायिक कार्य पहले ही निपटा लें। विभाग ने यह भी कहा कि कार्य समय से पहले पूरा होने पर बिजली आपूर्ति तत्काल बहाल कर दी जाएगी।

