दीनदयाल के अंत्योदय के विचारों से ही समग्र विकास की राह
भारतीय जनता पार्टी के पितृपुरुष, प्रखर चिंतक एवं एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती शुक्रवार को भाजपा जिला कार्यालय, अहिरौली में श्रद्धा और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने और दीप प्रज्वलित कर की गई।

__ अंत्योदय के विचारों से ही राष्ट्र के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त : मिथिलेश
__ भाजपा जिला कार्यालय में श्रद्धा के साथ मनाई गई पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती, कार्यकर्ताओं ने विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प
केटी न्यूज/बक्सर।
भारतीय जनता पार्टी के पितृपुरुष, प्रखर चिंतक एवं एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती शुक्रवार को भाजपा जिला कार्यालय, अहिरौली में श्रद्धा और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने और दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद उनके विचारों और राष्ट्र निर्माण में योगदान पर संगोष्ठी आयोजित हुई।संगोष्ठी की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश भुवन ने की, जबकि मंच संचालन जिला महामंत्री धनंजय त्रिगुण ने किया। मुख्य वक्ता के रूप में दक्षिण बिहार के प्रदेश सह संयोजक मिथिलेश कुशवाहा मौजूद रहे।अपने संबोधन में मिथिलेश कुशवाहा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने भारतीय राजनीति और समाज को एकात्म मानववाद तथा अंत्योदय का ऐसा दर्शन दिया, जो आज भी प्रासंगिक है।

उनका मानना था कि राष्ट्र की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब विकास का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल के विचार भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए आज भी मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत हैं।अध्यक्षीय संबोधन में जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश भुवन ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन सादगी, समर्पण और राष्ट्र सेवा का अनुपम उदाहरण रहा। उन्होंने राजनीति को सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा का साधन माना। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उनके आदर्शों को आत्मसात कर संगठन और समाजहित में पूरी निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में मिठाई सिंह, सतीश चंद्र त्रिपाठी, मनोज पांडेय, अमरेंद्र पांडेय एवं सुनील कुमार सिंह ने भी पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन और विचारों पर प्रकाश डाला। अंत में कार्यकर्ताओं ने उनके सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।इस दौरान रमेश गुप्ता, आशानंद सिंह, दीपक पांडेय, सुखदेव राय, रामाश्रय राम, जयप्रकाश राय, प्रमोद मिश्रा, अनु मिश्रा, दीपक सिंह, उमाकांत पांडेय, संतोष ओझा, मदन दुबे, बटेश्वर मिश्रा समेत भाजपा के वरिष्ठ नेता, जिला पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

