विज्ञान और कला के संगम से सजेगा नगर भवन

विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और रचनात्मकता को बढ़ावा देने की दिशा में बक्सर में एक खास पहल होने जा रही है। ‘मिशन ज्ञानार्जन’ के तत्वावधान में आगामी 5 अक्टूबर को नगर भवन, बक्सर में भव्य विज्ञान एवं चित्रकला प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा।

विज्ञान और कला के संगम से सजेगा नगर भवन

__ ‘मिशन ज्ञानार्जन’ के तहत 5 अक्टूबर को विज्ञान एवं चित्रकला प्रदर्शनी, विद्यार्थियों को मिलेगा प्रतिभा दिखाने का मंच

केटी न्यूज/बक्सर।

विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और रचनात्मकता को बढ़ावा देने की दिशा में बक्सर में एक खास पहल होने जा रही है। ‘मिशन ज्ञानार्जन’ के तत्वावधान में आगामी 5 अक्टूबर को नगर भवन, बक्सर में भव्य विज्ञान एवं चित्रकला प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। प्रदर्शनी में जिले के छात्र-छात्राएं अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा और कलात्मक कौशल का प्रदर्शन करेंगे।आयोजकों के अनुसार, इस प्रदर्शनी का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबों और कक्षाओं से आगे बढ़कर अपनी कल्पनाशक्ति, प्रयोगधर्मिता और सृजनात्मक क्षमता को प्रदर्शित करने का अवसर उपलब्ध कराना है।

विज्ञान प्रदर्शनी में छात्र विभिन्न वैज्ञानिक एवं तकनीकी मॉडलों के माध्यम से अपनी सोच और नवाचार को सामने रखेंगे। इन मॉडलों के जरिए विद्यार्थियों की वैज्ञानिक समझ के साथ-साथ रोजमर्रा की समस्याओं के समाधान को लेकर उनकी सोच भी देखने को मिलेगी।वहीं, चित्रकला प्रदर्शनी में रंगों और कल्पनाओं की दुनिया भी लोगों को आकर्षित करेगी। विभिन्न विषयों पर आधारित चित्रों और कलाकृतियों के माध्यम से छात्र-छात्राएं अपनी भावनाओं, विचारों और सामाजिक सरोकारों को अभिव्यक्त करेंगे। प्रदर्शनी में प्रदर्शित कलाकृतियां दर्शकों को न केवल आकर्षित करेंगी, बल्कि कई विषयों पर सोचने के लिए भी प्रेरित करेंगी।

आयोजकों का मानना है कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों के भीतर छिपी प्रतिभा को पहचानने और उसे उचित मंच देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही इससे बच्चों में आत्मविश्वास, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और रचनात्मक सोच विकसित होती है।‘मिशन ज्ञानार्जन’ की ओर से बक्सर जिले के गणमान्य नागरिकों, शिक्षा प्रेमियों, छात्र-छात्राओं और अभिभावकों से प्रदर्शनी में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की गई है। आयोजकों ने कहा कि लोगों की उपस्थिति प्रतिभागी विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाने के साथ उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का काम करेगी।