सेवा की स्मृतियां और स्नेह की पूंजी लेकर विदा हुए चौसा के तीन शिक्षाकर्मी

प्रखंड संसाधन केंद्र चौसा का सभागार बुधवार को भावनाओं से सराबोर रहा। मौका था शिक्षा जगत से जुड़े तीन कर्मियों के विदाई सह सम्मान समारोह का। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी हृषिकेश कुमार सिंह के स्थानांतरण तथा सगरा उत्क्रमित उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक दिनेश कुमार राम और प्रधानाध्यापक जगनारायण प्रसाद के सेवानिवृत्त होने पर शिक्षकों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी।

सेवा की स्मृतियां और स्नेह की पूंजी लेकर विदा हुए चौसा के तीन शिक्षाकर्मी

__ स्थानांतरण व सेवानिवृत्ति पर बीईओ हृषिकेश कुमार सिंह समेत दो प्रधानाध्यापकों को दी गई भावभीनी विदाई

केटी न्यूज/चौसा।

प्रखंड संसाधन केंद्र चौसा का सभागार बुधवार को भावनाओं से सराबोर रहा। मौका था शिक्षा जगत से जुड़े तीन कर्मियों के विदाई सह सम्मान समारोह का। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी हृषिकेश कुमार सिंह के स्थानांतरण तथा सगरा उत्क्रमित उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक दिनेश कुमार राम और प्रधानाध्यापक जगनारायण प्रसाद के सेवानिवृत्त होने पर शिक्षकों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी। इस दौरान उनके कार्यकाल की उपलब्धियों और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में दिए गए योगदान को याद करते हुए उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की गई।समारोह में तीनों शिक्षाकर्मियों को अंगवस्त्र, पुस्तक, पुष्पमाला और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि किसी अधिकारी या शिक्षक का स्थानांतरण अथवा सेवानिवृत्ति महज सेवा अवधि का समापन नहीं होता, बल्कि यह उनके साथ बिताए समय, अनुभवों और आत्मीय संबंधों को याद करने का अवसर भी होता है। तीनों के कार्यकाल को शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने अनुकरणीय बताते हुए उनके योगदान की सराहना की।

--स्नेह और सहयोग की पूंजी लेकर जा रहा हूं : हृषिकेश

अपने संबोधन में बीईओ हृषिकेश कुमार सिंह ने कहा कि चौसा से उनका स्थानांतरण केवल पदस्थापना में बदलाव है, लेकिन यहां के शिक्षकों और शिक्षा विभाग के कर्मियों से मिला स्नेह, सम्मान और सहयोग हमेशा उनकी स्मृतियों में रहेगा। उन्होंने कहा कि वे चौसा से स्नेह और सहयोग की अमूल्य पूंजी लेकर जा रहे हैं। उन्होंने शिक्षकों से आपसी समन्वय बनाए रखते हुए शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की अपील की।

--शिक्षक की जिम्मेदारी पाठ्यक्रम से कहीं आगे

सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक दिनेश कुमार राम ने सेवाकाल की स्मृतियां साझा करते हुए शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि लंबे सेवाकाल के दौरान मिले सहयोग और सम्मान को वे जीवनभर याद रखेंगे। वहीं जगनारायण प्रसाद ने कहा कि शिक्षक की भूमिका केवल पाठ्यक्रम पूरा कराने तक सीमित नहीं है। विद्यार्थियों के भविष्य को दिशा देने और उनके चरित्र निर्माण में भी शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने शिक्षकों से इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाने का आह्वान किया।कार्यक्रम की अध्यक्षता दिनेश कुमार राम ने की, जबकि संचालन राकेश कुमार ने किया। समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं और शिक्षा विभाग के कर्मी मौजूद रहे। विदाई के दौरान माहौल भावुक रहा और शिक्षकों ने तीनों के स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।