केसठ में चेहल्लुम पर बना-बनैठी खेल का रोमांचक मुकाबला, दोनों टीमें संयुक्त विजेता घोषित

प्रखंड के केसठ बाजार में गुरुवार को चेहल्लुम के अवसर पर हुसैनी कमेटी केसठ के तत्वावधान में पारंपरिक पैंतरेबाजी बना-बनैठी खेल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के दिलदारनगर और बिहार के डेहरी ऑन सोन की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ।

केसठ में चेहल्लुम पर बना-बनैठी खेल का रोमांचक मुकाबला, दोनों टीमें संयुक्त विजेता घोषित

केटी न्यूज/केसठ। 

प्रखंड के केसठ बाजार में गुरुवार को चेहल्लुम के अवसर पर हुसैनी कमेटी केसठ के तत्वावधान में पारंपरिक पैंतरेबाजी बना-बनैठी खेल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के दिलदारनगर और बिहार के डेहरी ऑन सोन की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। दोनों टीमों ने ऐसा शानदार प्रदर्शन किया कि पूरे मुकाबले के दौरान दर्शकों की तालियों की गड़गड़ाहट से मैदान गूंजता रहा।कार्यक्रम की शुरुआत कुरआन शरीफ की तिलावत,तिरंगा सलामी से हुई। इसके बाद खिलाड़ियों ने गटका, तलवारबाजी, बना, बनैठी, लाठी समेत आठ प्रकार के पारंपरिक खेलों और हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन किया। दोनों टीमों के बीच शुरू से अंत तक कांटे की टक्कर देखने को मिली।

खिलाड़ियों की फुर्ती, साहस और बेहतरीन पैंतरेबाजी ने उपस्थित ग्रामीणों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शाम पांच बजे शुरू हुई प्रतियोगिता रात करीब दस बजे तक चली और पूरे समय दर्शक उत्साह के साथ खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते रहे।निर्णायक मंडल हंसेन खां ने दोनों टीमों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए मुकाबले को ड्रा घोषित किया। इसके बाद मुख्य अतिथियों ने खेल भावना का सम्मान करते हुए दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित कर विजेता कप प्रदान किया। खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनके शानदार प्रदर्शन की सराहना की गई।

खेल का उद्घाटन राजद के वरिष्ठ नेता सुनील कुमार यादव उर्फ पप्पू यादव, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष सह वर्तमान जिला परिषद सदस्य डॉ. विद्या भारती, पंचायत मुखिया अरविंद कुमार यादव उर्फ गामा पहलवान तथा बीडीसी सदस्य असलम हुसैन ने संयुक्त रूप से किया।कार्यक्रम की अध्यक्षता जीलानी खान ने की, जबकि संचालन साबिर अली ने किया। अखाड़ा खलीफा के रूप में नेशार खान, मेराजुद्दीन एवं बंटी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।मौके पर नवानगर थाना अध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार, आजाद, असलम खान, सद्दाम, चांद, राजा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।