पंचायतों में खेल प्रतिभाओं को मिलेगा मंच, क्लबों को सक्रिय करने की कवायद तेज
ग्रामीण इलाकों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पंचायत स्तर पर ही बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में बक्सर एवं चौसा प्रखंड के पंचायत स्तर पर गठित खेल क्लबों के अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष के साथ समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई।

__ बक्सर व चौसा के पंचायत स्तरीय खेल क्लबों के पदाधिकारियों के साथ बैठक, मशाल खेल समेत आगामी खेल आयोजनों को लेकर बनी रणनीति
केटी न्यूज/बक्सर
ग्रामीण इलाकों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पंचायत स्तर पर ही बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में बक्सर एवं चौसा प्रखंड के पंचायत स्तर पर गठित खेल क्लबों के अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष के साथ समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला खेल पदाधिकारी ने की।बैठक में पंचायतों में गठित खेल क्लबों को महज कागजों तक सीमित रखने के बजाय उन्हें नियमित रूप से सक्रिय करने और खेल गतिविधियों का केंद्र बनाने पर जोर दिया गया। आगामी पंचायत खेल कार्यक्रम के तहत मशाल खेल सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं के व्यवस्थित आयोजन को लेकर क्लब पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इस दौरान क्लबों के पदाधिकारियों ने अपने-अपने पंचायतों में खेल मैदान की स्थिति, खेल सामग्री की उपलब्धता, खिलाड़ियों की संख्या तथा नियमित खेल गतिविधियों के संचालन से जुड़ी समस्याएं जिला खेल पदाधिकारी के समक्ष रखीं। पदाधिकारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया।बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि पंचायत स्तर पर अधिक से अधिक बच्चों और युवाओं को खेल से जोड़ा जाए। इसके लिए नियमित अभ्यास, खिलाड़ियों की सहभागिता और स्थानीय स्तर पर खेल आयोजनों को बढ़ावा देने की जरूरत बताई गई।

आगामी पंचायत खेल कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार तथा उपलब्ध खेल मैदानों और संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल पर भी चर्चा हुई।जिला खेल पदाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को उचित मंच उपलब्ध कराने के लिए पंचायत खेल क्लबों का सक्रिय और मजबूत होना जरूरी है। क्लबों के माध्यम से बच्चों और युवाओं को नियमित खेल गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। जिला प्रशासन का उद्देश्य पंचायत स्तर से ही खेल प्रतिभाओं को चिन्हित कर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना है।

